पेरिस, 1 जून (आईएएनएस)। यूक्रेन की पांचवीं वरीयता प्राप्त एलिना स्वितोलिना ने दूसरे सेट में 2-5 से पिछड़ने के बाद फ्रांस के किशोर वाइल्डकार्ड ओशियन बेबेल को 6-2, 7-5 से हराकर फ्रेंच ओपन के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। अमेरिका की 13वीं वरीयता प्राप्त जेनिफर ब्रैडी ने भी लातविया की अनास्तासिजा सेवस्स्तोवा को 6-3, 6-3 से आसानी से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई लेकिन पूर्व फ्रेंच ओपन चैंपियन और स्पेन की 12वीं वरीयता प्राप्त गारबाइन मुगुरुजा जल्दी बाहर हो गईं। उन्हें यूक्रेनी किशोरी मार्ता कोस्त्युक से 1-6, 4-6 से हार का सामना करना पड़ा। यह 18 वर्षीय मार्टा की शीर्ष-20 प्रतिद्वंद्वी पर पहली जीत थी, और यह 2016 फ्रेंच ओपन चैंपियन के खिलाफ 89 मिनट में मिली। नंबर-25 सीड ट्यूनीशिया के ओन्स जबूर ने कजाकिस्तान की यूलिया पुतिनत्सेवा को 7-5, 6-2 से हराया। ओन्स का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलियाई वाइल्डकार्ड एस्ट्रा शर्मा से होगा – जिन्होंने दूसरे दौर में क्वालीफायर इरिना बारा या रोमानिया को 7-6 (5), 6-2 से हराया। –आईएएनएस जेएनएस




