नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । राज्य चुनाव आयोग ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की 12 खाली सीटों पर उपचुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनावों की तारीखों की घोषणा भी कर दी गई है। ये उपचुनाव एमसीडी में खाली हुई सीटों को भरने और स्थानीय प्रशासन में सुचारू कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए आयोजित किए जा रहे हैं।
दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने मंगलवार को घोषणा की कि एमसीडी की 12 सीटों के उपचुनाव 30 नवंबर को होंगे। इन वॉर्डों में दोबारा वोटिंग कराई जाएगी, ताकि खाली पड़ी सीटों पर नए पार्षद चुने जा सकें।
नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 3 नवंबर से
एमसीडी उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 3 नवंबर से शुरू होगी। उम्मीदवार 10 नवंबर तक अपने पर्चे दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 नवंबर को होगी, और इच्छुक उम्मीदवार 15 नवंबर तक अपना नाम वापस ले सकते हैं।
3 दिसंबर को वोटिंग की गिनती
एमसीडी उपचुनाव में वोटिंग 30 नवंबर को सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को की जाएगी, यानी चुनाव नतीजे तीन दिन बाद साफ हो जाएंगे और नई पार्षदों का ऐलान होगा।
किन जगहों पर होंगे उपचुनाव
एमसीडी के उपचुनाव 12 वॉर्डों में होंगे, जिनके नाम हैं: मुंडका, शालीमार बाग-बी, अशोक विहार, चांदनी चौक, चांदनी महल, द्वारका-बी, दिचाऊं कलां, नारायणा, संगम विहार-ए, दक्षिणपुरी, ग्रेटर कैलाश और विनोद नगर। इन वॉर्डों में खाली सीटों पर नए पार्षद चुने जाएंगे।
इन सीटों पर भी दोबारा चुने जाएंगे पार्षद
शालीमार बाग-बी वॉर्ड पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पास था। वहीं, द्वारका-बी वॉर्ड बीजेपी पार्षद कमलजीत सेहरावत के खाली होने के बाद खाली हुआ, क्योंकि वे अब पश्चिम दिल्ली से लोकसभा सांसद बन गई हैं।
बाकी वॉर्डों की खाली सीटें बीजेपी और आम आदमी पार्टी (AAP) के उन पार्षदों की हैं, जो फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़कर विधायक बन गए थे। इन पार्षदों के विधायक बनने के कारण उनकी एमसीडी सीटें खाली हो गईं।





