नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। क्विक कॉमर्स स्टार्टअप जेप्टो को मुख्य मानव संसाधन अधिकारी के रूप में काम कर रहे मार्टिन दिनेश गोमेज़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अब ज़ेप्टो के सह-संस्थापक और सीईओ आदित पालिचा मानव संसाधन संचालन को संभाल रहे हैं। साथ ही वे भर्ती और अन्य संबंधित कार्यों को भी देखेंगे। खास बात यह है कि यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब हाल ही में सोशल मीडिया पर ज़ेप्टो के अस्वस्थ कार्य वातावरण के बारे में पोस्ट की गई थीं। खासकर कर्मचारियों के पास कार्य-जीवन संतुलन नहीं होने के बारे में ये पोस्ट की गई थीं। जिस पर एक ऑनलाइन बहस भी छिड़ गई थी।
पूर्व वीपी माणिक ओबेरॉय ने भी फर्म छोड़ दी थी
अब गोमेज उन शीर्ष अधिकारियों की बढ़ती सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने हाल के महीनों में ज़ेप्टो को छोड़ दिया है। जून में ज़ेप्टो में ग्रोथ और रिटेंशन के पूर्व वीपी माणिक ओबेरॉय ने भी फर्म छोड़ दी थी। यह तब हुआ जब पूर्व मुख्य व्यवसाय अधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी विरल झावेरी ने ढाई साल के कार्यकाल के बाद जून में ज़ेप्टो छोड़ दिया था। इसी तरह वित्त के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष (एसवीपी) आशीष शाह ने भी ज़ेप्टो छोड़ दिया था।
सीईओ आदित पलिचा का ट्वीट
सीईओ आदित पलिचा ने ज़ेप्टो के अस्वस्थ कार्य वातावरण के बारे में पूर्व में एक ट्वीट किया था । जिसमें उन्होंने बिना कोई विशेष जानकारी साझा किए सभी दावों को खारिज कर दिया। कहा कि “मुझे कार्य-जीवन संतुलन से कोई आपत्ति नहीं है। वास्तव में, मैं अपने सभी प्रतिस्पर्धियों को इसकी सलाह देता हूं ।”
अब फर्म में अपना नोटिस पीरियड पूरा कर रहे थे
गौरतलब है कि फरवरी 2024 में ज़ेप्टो में शामिल हुए गोमेज़ ने टाइटन इंडस्ट्रीज में अपना करियर शुरू किया। उन्होंने अदिति टेक्नोलॉजीज, टैलिस्मा कॉर्पोरेशन, सैपिएंट कॉर्पोरेशन, एक्सेंचर, माइक्रोसॉफ्ट, थॉमसन रॉयटर्स और अमेज़ॅन में काम किया। वहीं, एक्सेंचर कंपनी में पूर्व महाप्रबंधक व एचआर के रूप में काम कर चुके हैं। कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि गोमेज़ ने सितंबर में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था और वे अब फर्म में अपना नोटिस पीरियड पूरा कर रहे थे।




