नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Apple ने अपने टॉप लेवल मैनेजमेंट में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि भारतीय मूल के सबीह खान को Apple का नया Chief Operating Officer (COO) नियुक्त किया जाएगा। वे मौजूदा COO जेफ विलियम्स की जगह लेंगे, जो इस महीने रिटायर हो रहे हैं।
कौन हैं सबीह खान?
सबीह खान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से हैं। उनका जन्म साल 1966 में हुआ था। वे ब्रास एक्सपोर्टर यार मोहम्मद खान के परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता सईद यू खान मूल रूप से रामपुर के रहने वाले थे, जो बाद में मुरादाबाद आकर पीतल कारोबार में जुड़ गए थे। बाद में उन्होंने सिंगापुर में भी कारोबार फैलाया। सबीह खान ने अपनी शुरुआती पढ़ाई मुरादाबाद के सेंट मैरी स्कूल से की। इसके बाद वे पढ़ाई और करियर के सिलसिले में विदेश चले गए।
Apple से 30 साल पुराना नाता
सबीह खान पिछले करीब 30 वर्षों से Apple कंपनी के साथ जुड़े हुए हैं। इस समय वे कंपनी में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट ऑफ ऑपरेशंस के पद पर कार्यरत हैं। वे Apple की ग्लोबल सप्लाई चेन, प्रोडक्शन और डिलीवरी सिस्टम्स को संभालने में अहम भूमिका निभाते आए हैं। Apple में आने से पहले उन्होंने GE Plastics में इंजीनियर और टेक्निकल लीडर के रूप में काम किया। उनकी तकनीकी समझ और ऑपरेशंस में अनुभव ने उन्हें Apple के लिए एक भरोसेमंद चेहरा बना दिया।
COO बनने की घोषणा लंबे समय से तय
Apple ने प्रेस रिलीज में बताया कि सबीह खान की COO पद पर नियुक्ति लंबी प्लानिंग का हिस्सा है। मौजूदा COO जेफ विलियम्स 2015 से इस पद पर हैं और अब 62 वर्ष की उम्र में रिटायर हो रहे हैं। सबीह अब कंपनी के दूसरे सबसे अहम पद पर होंगे, जहां से वे Apple के रोजमर्रा के कामकाज को संभालेंगे। सबीह खान की यह उपलब्धि सिर्फ उनके परिवार और मुरादाबाद ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व की बात है। एक छोटे शहर से निकलकर दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक के उच्च पद तक पहुंचना, उनकी मेहनत और प्रतिभा का प्रतीक है।





