नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । देश की जानी-मानी डांसर, कोरियोग्राफर और टीवी पर्सनैलिटी शक्ति मोहन आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। आज वे डांस की दुनिया में एक मजबूत ब्रांड बन चुकी हैं, लेकिन उनका सफर आसान नहीं था। बचपन में एक गंभीर दुर्घटना ने उनके चलने-फिरने तक पर सवाल खड़े कर दिए थे, डॉक्टरों ने भी उम्मीद छोड़ दी थी। लेकिन शक्ति ने हार नहीं मानी और अपनी मेहनत और हिम्मत से सबको प्रेरित करते हुए सफलता की नई मिसाल कायम की।
बता दे कि, शक्ति मोहन का जन्म 12 अक्टूबर 1985 को मुंबई में हुआ। वह चार बहनों में से एक हैं, जिनमें लोकप्रिय सिंगर नीती मोहन और एक्टिंग-डांसिंग में सक्रिय मुक्ति मोहन भी शामिल हैं। बचपन में लगी चोट के कारण डॉक्टरों ने कहा था कि वे कभी सामान्य रूप से चल नहीं पाएंगी। लेकिन परिवार के साथ संघर्ष करते हुए शक्ति ने अपनी हिम्मत से ये साबित कर दिखाया कि कोई भी बाधा सपना पूरा करने से बड़ी नहीं होती।
शक्ति ने अपने करियर की शुरुआत मशहूर डांस रियलिटी शो ‘डांस इंडिया डांस’ (सीजन 2) से की थी, जहां उन्होंने अपनी अदाकारी और दमदार परफॉर्मेंस से हर प्रतियोगी को पीछे छोड़ते हुए विजेता का खिताब जीता। इसके बाद उन्होंने डांस आधारित टीवी सीरियल ‘दिल दोस्ती डांस’ में भी लीड भूमिका निभाई, जिसमें उनके साथ कुंवर, शांतनु और वृशिका भी प्रमुख कलाकार थे।
फिल्मी दुनिया में भी शक्ति का जलवा कम नहीं रहा। उन्होंने ‘हाई स्कूल म्यूजिकल 2’, ‘तीस मार खान’, ‘रावडी राठौर’, ‘कांची’, ‘नवाबजादे’ जैसे कई फिल्मों में आइटम नंबर में डांस किया। इसके अलावा वे ‘धूम 3’ के मशहूर गाने ‘कमली’ में असिस्टेंट कोरियोग्राफर के रूप में भी काम कर चुकी हैं।
कोरियोग्राफी के क्षेत्र में भी शक्ति मोहन ने अपना अलग मुकाम बनाया है। उनका पहला कोरियोग्राफ किया गया गाना फिल्म ‘पद्मावत’ का ‘नैनोवाले ने’ था। इसके अलावा वे इस साल रिलीज हुई रणबीर कपूर की फिल्म ‘शमशेरा’ में रणबीर कपूर को भी कोरियोग्राफ कर चुकी हैं।
डांस के प्रति अपनी गहरी समझ और समर्पण के चलते शक्ति ने अपना डांस ब्रांड ‘नृत्य शक्ति’ भी लॉन्च किया है। वर्ष 2013 में उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया, जहां वे डांस के विभिन्न फॉर्म्स को साझा करती हैं और युवाओं को प्रेरित करती हैं।आज शक्ति मोहन सिर्फ एक डांसर नहीं, बल्कि डांस की दुनिया की एक चमकदार मिसाल हैं, जिन्होंने साबित किया कि कठिनाइयों के बावजूद अगर जुनून और मेहनत हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।





