नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) की नई दरों के लागू होने से कई चीजों में आम जनता को सीधी राहत मिली है तो वही, इस GST के नए टैक्स स्लैब को मंजूरी मिलने से क्रिकेट फैंस पर भी इसका असर पड़ा है। अब क्रिकेट फैंस के लिए स्टेडियम में आईपीएल मैच देखना महंगा हो जाएगा। GST सुधार का यह असर सीधे टिकट की कीमतों पर दिखने लगेगा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बड़ा ऐलान
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में 3 सितंबर को हुई बैठक में IPL टिकट पर GST बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया गया, जिससे स्टेडियम में मैच देखने के खर्चे में बढ़ोतरी तय हो गई है। इसका असर IPL 2026 में देखने को मिलेगा। चलिए आपको बताते हैं कि टिकट की कीमत कितनी बढ़ेगी? अब उन पर कितना टैक्स होगा।
IPL टिकट पर कितना GST लगेगा?
बुधवार को हुई जीएसटी काउंसिल की बैठक में IPL मैचों के टिकट पर GST बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया गया। पहले यह 28 प्रतिशत था, यानी अब टिकट पर 12 प्रतिशत अतिरिक्त GST लगेगा। इसका असर सीधे क्रिकेट फैंस की जेब पर पड़ेगा।
मान लीजिए आप IPL का एक टिकट 1,000 रुपये में खरीदते हैं। पहले 28% GST के हिसाब से आपको कुल 1,280 रुपये चुकाने होते थे। अब नई दर 40% होने के कारण टिकट की कुल कीमत बढ़कर 1,400 रुपये हो जाएगी।
मतलब अब फैंस को पहले की तुलना में 120 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। अगर टिकट की कीमत 2,000 रुपये है, तो 40% GST के तहत 800 रुपये अतिरिक्त लगेंगे और कुल कीमत बढ़कर 2,800 रुपये हो जाएगी।
इस बदलाव का सीधा असर IPL पर होगा
इस बदलाव का असर IPL 2026 के दौरान साफ दिखेगा। अगर आयोजक टिकट की कीमतों में राहत नहीं देते या इसे बढ़ा देते हैं, तो स्टेडियम में दर्शकों की संख्या घट सकती है। भारत में क्रिकेट का क्रेज बेहद ऊँचा है और आईपीएल को क्रिकेट प्रेमी त्योहार की तरह मनाते हैं।
बीते कई सालों में टिकटों की डिमांड बढ़ी
माना जा रहा है कि, आईपीएल के दौरान हर मैच में टिकटों की मांग हमेशा बढ़ी है। ऐसे में अब यह देखने योग्य होगा कि GST की नई दरों के लागू होने के बाद भी टिकटों के लिए वैसी ही भीड़ और मारामारी रहेगी या नहीं।
क्या अंतर्राष्ट्रीय मैचों की टिकट पर भी बढ़ेगा GST?
ऐसा बिल्कुल भी नही, इस फैसले का असर मान्यता प्राप्त टूर्नामेंट के टिकट पर नहीं पड़ेगा यानी इन टिकटों पर GST नहीं बढ़ाया गया है। राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेलों के लिए 500 रुपये की टिकट पर GST नहीं लगेगा जबकि इससे अधिक की टिकट पर पहले की तरह 18 प्रतिशत ही GST लागू रहेगा।





