नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। करूर में हुई जानलेवा भगदड़ की घटना ने तमिलनाडु के राजनीतिक और सामाजिक माहौल को हिला कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में कई लोग मारे गए और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस बीच तमिलनाडु के मशहूर अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के नेता विजय ने इस घटना पर अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा है। विजय ने साफ शब्दों में कहा कि, अगर कोई बदला लेना चाहता है तो वे उनसे सीधे लें, न कि उनके समर्थकों को परेशान किया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को बताया पूरी तरह पुख्ता
विजय ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि घटना के दिन सभी सुरक्षा प्रबंध कानून व्यवस्था के अनुसार किए गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया, हमने पुलिस से अनुमति लेकर उचित जगह का चयन किया था। लेकिन बावजूद इसके ये दुखद घटना हुई। हम इस घटना के लिए किसी भी लापरवाही को स्वीकार नहीं करते। उन्होंने यह भी कहा कि, वे अपने समर्थकों के प्रति पूरी जिम्मेदारी के साथ खड़े हैं और किसी भी राजनीतिक रंजिश का शिकार नहीं होने देंगे।
प्रभावित परिवारों के लिए संवेदनाएं और इलाज पर जोर
उन्होंने घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। विजय ने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं जताई और भरोसा दिलाया कि पार्टी उनकी हर संभव मदद करेगी।
”राजनीति में बढ़ेगा संघर्ष, पीछे नहीं हटेंगे”
अभिनेता से नेता बने विजय ने कहा, यह हादसा मेरी राजनीतिक यात्रा को रोक नहीं सकता। मैं डरने वाला नहीं हूं। मैं अपने समर्थकों के साथ पूरी ताकत से खड़ा हूं। मुख्यमंत्री स्टालिन से मेरा अनुरोध है कि वे राजनीति की आग में जनता और मेरे लोगों को न जलाएं, अगर बदला लेना है तो मुझसे लें। विजय ने विपक्षी दलों पर भी आरोप लगाए कि वे करूर घटना का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं।
करूर हादसा
करूर में 23 सितंबर को एक राजनीतिक रैली के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और करीब 30 से ज्यादा घायल हुए थे। पुलिस ने मौके पर तुरंत राहत कार्य शुरू किया, जबकि तमिलनाडु सरकार ने मृतकों के परिजनों को वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। इस दुखद हादसे की जांच जारी है और तमिलनाडु पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दी है।





