सन्तकबीरनगर, 09 अप्रैल (हि.स.) दो दशक से साइकिल का पंचर बनाकर परिवार की जीविका चलाने वाले जनपद के मेंहाखोर गांव निवासी रामवृक्ष निषाद अब मेंहदावल वार्ड नम्बर दो से भाजपा के जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार है। पिछले शुक्रवार को जब प्रदेश मुख्यालय से भाजपा की ओर से उम्मीदवारों के नाम की सूची जारी हुई तो उसमें रामवृक्ष की उम्मीदवारी ने सभी को चौका दिया। गली, मोहल्ले, कूचे पर इसको लेकर चर्चा जोर पकड़ने लगी कि आखिर रामवृक्ष को टिकट कैसे मिल गया, जबकि इस सीट पर आधा दर्जन दिग्गज टिकट के लिए जोर लगाए हुए थे। टिकट पाने वाले रामवृक्ष इस बात से खुश है कि पार्टी ने जमीनी कार्यकर्ता को टिकट दिया है। वहीं, लोग भाजपा के टिकट वितरण के इस विधा की सराहना कर रहे हैं। साइकिल में पंचर बनाने वाले रामवृक्ष अब चुनावी ताल ठोंकते नजर आएंगे। बातचीत के दौरान रामवृक्ष ने बताया कि सन 1990 में राममंदिर आंदोलन के समय वह भाजपा से से जुड़े हैं। पार्टी के नीतियों का अनुसरण करते रहे। हर चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया। सभी बैठकों में शामिल हुए। झंडा-बैनर थामकर हर आंदोलन में आगे रहे हैं। कभी इस निष्ठा के बदले कुछ मांगा नहीं। अब पार्टी ने खुद ही इनाम दे दिया तो पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों व अन्य लोगों ने मदद का आश्वासन दिया है, अब चुनाव जीतकर पार्टी के विश्वास पर खरा उतरूंगा। रामवृक्ष के पास खेती के नाम पर आधा एकड़ खेत है, जिसमें सब्जी उगाते हैं। सब्जी की खेती व पंचर की दुकान से होने वाली आमदनी से वह अपने पूरे परिवार की जीविका चलाते हैं। हिन्दुस्थान समाचार/महेंद्र




