नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ही सियासी पारा चढ़ने लगा है, लेकिन सबसे ज्यादा मुश्किल में दिख रही है कांग्रेस। हाल ही में पार्टी छोड़ने वाली नवजोत कौर सिद्धू ने अब खुलकर मोर्चा खोल दिया है और सीधे राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को “जमीनी हकीकत से पूरी तरह कटे” होने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब इकाई में फैले अंदरूनी भ्रष्टाचार को दूर करने में वे नाकाम रहे हैं। चुनाव से पहले इस तरह की बयानबाज़ी ने राज्य की राजनीति में हलचल और तेज कर दी है।
कोयंबटूर से नवजोत कौर का तीखा हमला
कोयंबटूर में संबोधन के दौरान नवजोत कौर सिद्धू ने दावा किया कि राहुल गांधी की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण “पंजाब में कांग्रेस खत्म हो रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि उनके करीबी लोग चुनाव टिकट बेचने में व्यस्त हैं, जबकि जमीनी हकीकत से पूरी तरह अनजान हैं। इस बयान ने चुनाव से पहले पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों को खुलकर सामने ला दिया है और सियासी माहौल को और गरमा दिया है।
‘आपका आदमी पंजाब के साथ न्याय नहीं कर रहा’
कोयंबटूर में तीखा बयान देते हुए नवजोत कौर सिद्धू ने सीधे राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी अच्छी और समझदारी की बातें करते हैं, लेकिन वह जो कहते हैं और जो करते हैं, उसमें बड़ा अंतर है। पिछले 8 महीनों से मैं उनसे मिलने का समय मांग रही हूं, ताकि बता सकूं कि आपके लोग, आपके अध्यक्ष या पंजाब में नियुक्त आपका आदमी पंजाब के साथ न्याय नहीं कर रहा है। वे लोग पंजाब में कांग्रेस को खत्म कर रहे हैं। मैं सिर्फ यह बताने के लिए मिलना चाहती हूं कि आपकी पार्टी राज्य में कमजोर हो रही है। उन्होंने तो पहले ही टिकट बेच दिए हैं।
“अगर नीचे क्या हो रहा है, पता नहीं… तो कुर्सी के लायक नहीं”
अपनी बात को और तीखा करते हुए नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, “अगर आपको मालूम ही नहीं कि आपके नीचे क्या हो रहा है, तो मुझे इसका खेद है। ऐसे में आप उस कुर्सी के लायक नहीं हैं। आप जो कर रहे हैं, उसके लिए आप ही जिम्मेदार हैं।” उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पंजाब के लिए सब कुछ छोड़ दिया, लेकिन वादे पूरे नहीं किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि Rahul Gandhi ने 7 विभाग, सांसद बनाने और उपमुख्यमंत्री पद देने का वादा किया था, मगर बदले में उन्हें कुछ नहीं मिला। इस बयान ने चुनाव से पहले कांग्रेस की अंदरूनी कलह को और उजागर कर दिया है और पंजाब की सियासत में हलचल तेज कर दी है।
‘आप पंजाब में जीत हासिल नहीं करने जा रहे’
हमला जारी रखते हुए नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, “आप पंजाब में जीत हासिल नहीं करने जा रहे। आपने हमें स्थानीय निकाय और पर्यटन विभाग दिया और चाहते थे कि सब कुछ मुख्यमंत्री के हिसाब से चले। जब आपके अपने लोग ही भ्रष्ट हैं तो आप भ्रष्टाचार के खिलाफ कैसे बोल सकते हैं? आप अपने आसपास उन्हीं लोगों को रख रहे हैं जो पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं।”
इस बयान के जरिए उन्होंने फिर से Rahul Gandhi की नेतृत्व क्षमता और पंजाब इकाई में कथित गुटबाजी पर सवाल उठाए। चुनाव से पहले इस तरह की सार्वजनिक बयानबाज़ी ने कांग्रेस की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
राहुल गांधी पर सीधा वार, ‘ग्राउंड रियलिटी से कटे’ होने का आरोप
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए नवजोत कौर सिद्धू ने कहा, “आपके पास उन ईमानदार लोगों से मिलने का समय नहीं है जो आपको बताना चाहते हैं कि सब गलत हो रहा है। आप पंजाब नहीं जीतने वाले हैं।” उन्होंने तंज कसते हुए जोड़ा, “शायद आपने राज्य को गिफ्ट में दे दिया है। जमीनी स्तर पर काम नहीं हो रहा, जबकि ग्राउंड ज़ीरो की हकीकत जानना बेहद जरूरी है।





