नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई सनी देओल और वरुण धवन की मल्टीस्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने शुरुआती दिनों में बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। ओपनिंग वीकेंड से लेकर गणतंत्र दिवस की छुट्टी तक फिल्म ने जबरदस्त कमाई की, जिससे उम्मीद की जा रही थी कि यह फिल्म ‘धुरंधर’ के रिकॉर्ड के करीब पहुंच सकती है। हालांकि, रिपब्लिक डे के बाद फिल्म की रफ्तार धीरे-धीरे थमती नजर आई।
पहले हफ्ते में की थी धमाकेदार कमाई
फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में कुल 224.25 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया था। खासकर पहले चार दिनों में फिल्म की कमाई ने ट्रेड एनालिस्ट्स को चौंका दिया। रविवार और फिर सोमवार को आए उछाल ने फिल्म को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया। लेकिन इसके बाद वीकडेज में कलेक्शन में लगातार गिरावट देखने को मिली।शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब 290.75 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
दूसरे हफ्ते में दिखी थकान
दूसरे हफ्ते में बॉर्डर 2 की कमाई अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। दूसरे सोमवार और मंगलवार को फिल्म ने 5.75-5.75 करोड़ रुपये कमाए, जबकि बुधवार यानी रिलीज के 13वें दिन फिल्म का कलेक्शन घटकर 4 करोड़ रुपये (शाम तक) रह गया।
‘मर्दानी 3’ से नहीं मिली बड़ी चुनौती
दिलचस्प बात यह रही कि रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ से बॉर्डर 2 को कोई खास नुकसान नहीं हुआ। दरअसल, मर्दानी 3 को सीमित स्क्रीन्स और चुनिंदा शोज में रिलीज किया गया था। इसी वजह से बॉर्डर 2 को बॉक्स ऑफिस पर बढ़त मिलती रही। बावजूद इसके, फिल्म की कमाई में गिरावट यह साफ संकेत दे रही है कि दर्शकों की संख्या अब कम हो रही है।
नई रिलीज से बढ़ेगी चुनौती
अब 6 फरवरी को संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की फिल्म ‘वध 2’ रिलीज होने जा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि बॉर्डर 2 के सामने नई चुनौती खड़ी हो सकती है। हालांकि, सनी देओल स्टारर फिल्म के पास अभी भी कुछ दिन हैं, जिनमें वह अपनी कमाई को और मजबूत कर सकती है, लेकिन ट्रेड पंडितों का मानना है कि फिल्म अब धीरे-धीरे बॉक्स ऑफिस पर दम खोती दिख रही है।
300 करोड़ क्लब की दहलीज पर ‘बॉर्डर 2’
‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत करते हुए पहले हफ्ते में ही ₹224.25 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था और दूसरे हफ्ते में भी फिल्म की कमाई जारी रही, जिससे अब कुल कलेक्शन ₹290.75 करोड़ तक पहुंच चुका है। हालांकि दूसरे हफ्ते में रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी है, लेकिन शुरुआती मजबूत ओपनिंग और वीकेंड पर आए उछाल ने फिल्म को अब भी 300 करोड़ क्लब की दौड़ में बनाए रखा है। मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए यह राह आसान नहीं जरूर है, लेकिन अगर आने वाले दिनों में कलेक्शन में हल्की-सी भी तेजी आई, तो ‘बॉर्डर 2’ का 300 करोड़ क्लब में शामिल होना पूरी तरह नामुमकिन नहीं कहा जा सकता।





