नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । पंजाबी सिंगर बी प्राक से जुड़े एक गंभीर मामले की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, लॉरेंस गैंग ने सिंगर को 10 करोड़ रुपये की मांग करते हुए धमकी दी है। यह ऑडियो रिकॉर्डिंग सिंगर के करीबी साथी दिलनूर को 6 जनवरी की दोपहर भेजी गई। उससे पहले 5 जनवरी को दिलनूर को गैंग ने दो बार कॉल किया था, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाई। 6 जनवरी को भी विदेशी नंबर से कॉल की गई। दिलनूर ने कॉल उठाया, लेकिन बात संदिग्ध होने पर कॉल काट दी। इसके बाद सिंगर बी प्राक को वॉयस मैसेज आया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सिंगर ने मोहाली में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला
पंजाबी सिंगर बी प्राक को मिली धमकी के मामले में नए तथ्य सामने आए हैं। धमकी देने वाले कॉलर ने अपना नाम आरजू बिश्नोई बताया है, जिसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया। जानकारी के मुताबिक यह व्यक्ति विदेश में बैठकर कॉल कर रहा था। कॉलर ने फोन पर कहा कि बी प्राक तक यह संदेश पहुंचा दिया जाए कि उसे 10 करोड़ रुपये चाहिए और इसके लिए एक हफ्ते का समय है। उसने यह भी कहा कि सिंगर कहीं भी चला जाए, लेकिन अगर आसपास कोई मिला तो उसे नुकसान पहुंचाया जाएगा।
इसके अलावा यह भी कहा गया कि धमकी को गंभीरता से नहीं लिया गया तो अंजाम बुरा होगा। कॉलर ने कहा कि इसको फेक कॉल मत समझना, बात मानेगा तो ठीक नहीं तो उसको बोल मिट्टी में मिला देंगे। धमकी भरा मैसेज मिलने के बाद दिलनूर ने 6 जनवरी को ही एसएसपी मोहाली को लिखित शिकायत सौंपी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कॉल व मैसेज से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
बी प्राक के गाने हुए हिट
बॉलीवुड सिंगर बी प्राक, जिनका असली नाम प्रतीक बच्चन है, अपनी भावनात्मक और दिल छू लेने वाली आवाज के लिए जाने जाते हैं। म्यूजिक इंडस्ट्री में उन्होंने शुरुआत संगीत निर्माता के रूप में की और बाद में गायक बने। उनके सबसे चर्चित गानों में मन भरया, केसरी, गुड न्यूज और शेरशाह जैसी फिल्मों के गाने शामिल हैं, जिन्होंने उन्हें लाखों दिलों तक पहुँचाया।
बी प्राक अपनी आवाज से महफिलों को सजाने वाले उन गायक के रूप में जाने जाते हैं जो हर गीत में भावनाओं को जीवंत कर देते हैं। पर्सनल लाइफ में बी प्राक हाल ही में पिता बने हैं। 1 दिसंबर 2025 को उनकी पत्नी मीरा ने बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम उन्होंने द्विज बच्चन रखा। इसके अलावा, बी प्राक का आध्यात्मिक से भी गहरा जुड़ाव है और अक्सर वृंदावन में प्रेमानंद महाराज जी के आश्रम में दिखाई देते हैं।





