back to top
26.1 C
New Delhi
Saturday, March 28, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

ठंड में घूमने के लिए परफेक्ट हैं भारत की ये जगहें, आपकी ट्रिप बन जाएंगी यादगार

सर्दियों में घूमने का अलग ही मजा होता है और भारत में कई ऐसी शानदार जगहें हैं, जहां जनवरी की ठंड में धूप, प्रकृति और रोमांच मिलकर आपकी ट्रिप को यादगार बना देते हैं।

नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सर्दियों का मौसम आते ही न सिर्फ लाइफस्टाइल बदल जाती है, बल्कि घूमने-फिरने का मन भी ज्यादा करने लगता है। ठंड के दिनों में जहां एक ओर लोग सेहत का खास ध्यान रखते हैं, वहीं दूसरी ओर यह मौसम ट्रैवल के लिए भी सबसे अनुकूल माना जाता है। भारत में कई ऐसे टूरिस्ट डेस्टिनेशन हैं, जहां जनवरी के महीने में मौसम सुहावना रहता है और भीड़ भी अपेक्षाकृत कम होती है। अगर आप सर्दियों में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो इन जगहों को अपनी वेकेशन लिस्ट में जरूर शामिल करें।

रन ऑफ कच्छ: सफेद रेगिस्तान का अनोखा अनुभव

गुजरात का रन ऑफ कच्छ सर्दियों में घूमने के लिए बेहतरीन जगहों में शामिल है। ठंड के मौसम में यहां हल्की ठंड के साथ भरपूर धूप मिलती है। सफेद रेगिस्तान में सूर्योदय और सूर्यास्त का नजारा बेहद आकर्षक होता है। यहां काला डूंगर, इंडिया ब्रिज और धोरडो गांव प्रमुख आकर्षण हैं। इसके साथ ही कच्छ की लोक संस्कृति, फोक डांस और संगीत कार्यक्रम पर्यटकों को खासा लुभाते हैं।

गोवा: सर्दियों में बीच और मस्ती का कॉम्बिनेशन

सर्दियों के मौसम में गोवा घूमने का अलग ही मजा है। ठंडी हवाएं, चटक धूप और साफ-सुथरे बीच ट्रिप को खास बना देते हैं। यहां आप अंजुना और बागा बीच, फोर्ट अगुआड़ा, ओल्ड गोवा के चर्च और दूधसागर वॉटरफॉल घूम सकते हैं। क्रिसमस और न्यू ईयर के आसपास गोवा का माहौल और भी रंगीन हो जाता है।

राजस्थान: इतिहास और शाही ठाठ का एहसास

सर्दियों में राजस्थान घूमना सबसे बेहतर माना जाता है। जयपुर, जोधपुर और उदयपुर जैसे शहरों में ठंड के कारण घूमना आरामदायक रहता है। हवा महल, आमेर किला, नाहरगढ़ किला और जंतर-मंतर जैसे ऐतिहासिक स्थल राजस्थान की शान हैं। रेगिस्तान की ठंडी रातें और लोक संस्कृति यहां की पहचान हैं।

मुंबई और आसपास की सैर

मुंबई सर्दियों में घूमने के लिए शानदार विकल्प है। समुद्र किनारे ठंडी हवाओं और धूप का आनंद लिया जा सकता है। गेटवे ऑफ इंडिया, एलीफेंटा गुफाएं और गिरगांव चौपाटी प्रमुख आकर्षण हैं। इसके अलावा लोनावला, अलीबाग और महाबलेश्वर जैसी नजदीकी जगहें भी सर्दियों में बेहद खूबसूरत लगती हैं।

अलप्पुझा और सुंदरवन: प्रकृति प्रेमियों के लिए खास

केरल का अलप्पुझा सर्दियों में शांत और सुहावना रहता है। बैकवाटर्स, हाउसबोट और वेम्बनाड झील यहां का मुख्य आकर्षण हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल का सुंदरवन सर्दियों में वन्यजीव प्रेमियों के लिए बेहतरीन डेस्टिनेशन है। यहां रॉयल बंगाल टाइगर सहित कई दुर्लभ जीव-जंतु देखने को मिलते हैं।

मनाली: बर्फ और रोमांच का संगम

हिमाचल प्रदेश का मनाली सर्दियों में जन्नत जैसा लगता है। बर्फ से ढकी पहाड़ियां, ठंडी हवाएं और रोमांचक खेल जैसे स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग और ट्रेकिंग यहां की खास पहचान हैं। हिडिम्बा देवी मंदिर और वशिष्ठ मंदिर भी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।

साफ है कि सर्दियों का मौसम भारत घूमने के लिए सबसे बेहतरीन समय है। सही प्लानिंग के साथ इन जगहों की यात्रा आपकी ट्रिप को यादगार बना सकती है।

Advertisementspot_img

Also Read:

spot_img

Latest Stories

⌵ ⌵ ⌵ ⌵ Next Story Follows ⌵ ⌵ ⌵ ⌵