नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। हिंदू धर्म में मकर संक्रांति का पर्व पुण्य की प्राप्ति और पाप से मुक्ति का सबसे शुभ समय माना गया है। सनातन परंपरा के अनुसार, हर साल 14 जनवरी को यह महापर्व मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन सूर्य धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करते हैं। इसी कारण से सूर्य देव की किरणों का विशेष प्रभाव पड़ता है, जो व्यक्ति के जीवन में सुख, सौभाग्य और स्वास्थ्य लाने में सहायक होता है। मकर संक्रांति के दिन स्नान, ध्यान और दान करने का विशेष महत्व है। अलग-अलग प्रांतों में इस पर्व को अलग नामों से जाना जाता है, जैसे उत्तर भारत में इसे खिचड़ी पर्व के रूप में मनाया जाता है।
आइए जानते हैं मकर संक्रांति 2026 पर कौन-कौन से 7 जरूरी काम हर व्यक्ति को अवश्य करने चाहिए।
1. तिल के तेल से करें मालिश
मकर संक्रांति के दिन तिल का विशेष महत्व है। हिंदू मान्यता के अनुसार इस दिन तिल के तेल से शरीर की मालिश करने से सूर्य देव की कृपा प्राप्त होती है। ऐसा करने से व्यक्ति पूरे साल स्वस्थ और रोगमुक्त रहता है।
2. तिल का उबटन लगाएं
सिर्फ तिल के तेल से ही नहीं, बल्कि तिल का उबटन भी संक्रांति पर शुभता लाता है। तिल के उबटन का प्रयोग करने से व्यक्ति कांतिवान बनता है और सौंदर्य में वृद्धि होती है।
3. गंगा स्नान करें
मकर संक्रांति के दिन गंगा स्नान करने का विशेष महत्व है। इस दिन मां गंगा के अमृतजल में डुबकी लगाने से अनंत पुण्य की प्राप्ति होती है। तीन बार गंगा में स्नान करना अत्यंत शुभ माना गया है।
4. तिलयुक्त जल से स्नान करें
यदि तिल का तेल या उबटन उपलब्ध न हो, तो कम से कम स्नान के पानी में तिल डालकर स्नान अवश्य करें। ऐसा करने से व्यक्ति को सुख-सौभाग्य और संक्रांति का विशेष पुण्य मिलता है।
5. पूजा में तिल से हवन करें
स्नान और ध्यान के बाद तिल से हवन करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। हवन सामग्री में तिल मिलाकर देवताओं को अर्पित करने से लक्ष्मी और नारायण दोनों की कृपा बरसती है।
6. जरूरतमंदों को तिल का दान करें
दान का महत्व भी इस दिन अत्यधिक है। काले तिल और गुड़ का दान करने से सूर्य देव और शनिदेव की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
7. तिल से बना भोजन अवश्य करें
मकर संक्रांति के दिन तिल से बने लड्डू, गजक, रेवड़ी आदि का सेवन शुभ फल देता है। प्रसाद स्वरूप तिल से बने व्यंजन ग्रहण करने से सूर्य देव की कृपा प्राप्त होती है।




