नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज फारबिसगंज और अररिया में जनसभाएं कीं। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि 1990 से 2005 तक जंगलराज ने बिहार को बर्बाद कर दिया, और अब जनता फिर से NDA की सरकार चुनने के मूड में है।
”जंगलराज ने बिहार को बर्बाद किया”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,“बिहार में 15 साल तक जंगलराज की सरकार रही। उस दौर में बिहार को सिर्फ लूटा गया। सरकार चलाने के नाम पर जनता से धोखा हुआ। उन 15 सालों में कितने एक्सप्रेसवे बने? शून्य, यानी निल बटे सन्नाटा! मोदी ने कहा कि जंगलराज के समय अपराध चरम पर था, लोग शाम को घर से बाहर निकलने से डरते थे। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार और बीजेपी की डबल इंजन सरकार ने बिहार को उस अंधेरे दौर से निकालकर विकास के रास्ते पर लाया है।
”घुसपैठियों को बचाने में लगी कांग्रेस और RJD”
प्रधानमंत्री ने जनसभा में कांग्रेस और RJD पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “NDA सरकार घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर निकालने में लगी है, लेकिन कांग्रेस और RJD उन्हें बचाने की कोशिश कर रही हैं। वे तरह-तरह के झूठ फैलाकर और राजनीतिक यात्राएं निकालकर देश को गुमराह कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि घुसपैठ देश की सुरक्षा और बिहार की सीमाओं के लिए खतरा है, और NDA इस पर सख्त कदम उठाएगा।
बिहार के मतदाता लोकतंत्र का उत्सव मना रहे हैं
प्रधानमंत्री मोदी ने वोटिंग के दिन राज्य की जनता के उत्साह की सराहना करते हुए कहा, “बिहार के अलग-अलग इलाकों से शानदार तस्वीरें आ रही हैं। मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी हैं। बिहार के युवाओं में अभूतपूर्व जोश है। मेरा आग्रह है कि जो साथी अब तक वोट नहीं डाले हैं, वे तुरंत मतदान करें। उन्होंने कहा कि आज पूरे बिहार से एक ही आवाज़ आ रही है फिर एक बार NDA सरकार। फारबिसगंज में पीएम मोदी की रैली के दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि उन्हें मोदी-नीतीश की जोड़ी पर भरोसा है। लोगों का कहना था कि पिछले 20 वर्षों में जो विकास हुआ है, वह कांग्रेस शासन के 60 सालों से कहीं बेहतर है। एक स्थानीय निवासी ने कहा, “पहले अपराध और डर था, अब सड़क, बिजली और शिक्षा है। नीतीश और मोदी ने बिहार को बदल दिया है। पहले चरण की वोटिंग के बीच पीएम मोदी का यह बयान NDA के आत्मविश्वास और विपक्ष पर आक्रामक रणनीति को दर्शाता है। उन्होंने जंगलराज, घुसपैठ और विकास तीनों मुद्दों पर सीधा वार किया। अब देखना यह होगा कि क्या बिहार की जनता “फिर एक बार NDA सरकार” के नारे को सच्चाई में बदलती है या महागठबंधन को नया मौका देती है।





