नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम को लेकर बड़ा दावा किया है। मिडिल ईस्ट की यात्रा पर जाते समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर बड़ा दावा किया है कि, उन्होने गाजा में सीजफायर कराकर आठवां युद्ध रुकवाया है।
ट्रंप ने खुद को “वॉर सुलझाने में माहिर” बताते हुए कहा कि, उन्होंने भारत-पाकिस्तान समेत कई संघर्षों को आर्थिक उपायों और कूटनीति के जरिए थामने में भूमिका निभाई। इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि, उन्होंने ये सब नोबेल के लिए नहीं किया है।
मैं युद्ध सुलझाने में माहिर हूं- डोनाल्ड ट्रंप
मिडिल ईस्ट की यात्रा से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हालिया गाजा सीजफायर उनका आठवां सुलझाया युद्ध है। उन्होंने दावा किया, “मैं युद्ध सुलझाने में माहिर हूं,” और कहा कि, पाकिस्तान-अफगानिस्तान विवाद भी लौटकर वह हल करेंगे। ट्रंप ने आर्थिक व कूटनीतिक उपायों का श्रेय लिया।
टैरिफ से ही निकलता है समाधान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष का उदाहरण देते हुए कहा कि, उन्होंने कई लंबे चले युद्धों को एक दिन में सुलझाया। ट्रंप ने दावा किया, “सोचिए भारत और पाकिस्तान, जहां लाखों लोग मरे, और मैंने ज्यादातर मामले एक दिन में हल किए।” उन्होंने आर्थिक उपायों और टैरिफ को भी समाधान का माध्यम बताया।
भारी टैरिफ लगाने का दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि, भारत-पाकिस्तान संघर्ष को रोकने के लिए उन्होंने दोनों पक्षों पर भारी टैरिफ की धमकी दी। ट्रंप ने कहा, “मैंने 100%, 150% और 200% टैरिफ लगाने की बात कही और टैरिफ लगाने के 24 घंटे में यह मामला सुलझ गया; बिना टैरिफ के युद्ध नहीं रुकता।”
ट्रंप के दावों पर भारत का बयान
बता दें कि, 10 मई 2025 को सीजफायर की घोषणा के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई बार दावा किया कि, भारत-पाकिस्तान संघर्ष को रोकने में उनकी अहम भूमिका रही। जहां पाकिस्तान ने उनके दावे को स्वीकार किया, वहीं भारत ने अमेरिका की किसी भी मध्यस्थता से इनकार करते हुए कहा कि, यह निर्णय दोनों देशों के सैन्य नेतृत्व की सीधी बातचीत से हुआ।




