नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । साल के अंत में बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में राजनीतिक दल अपनी चुनावी तैयारियों और यात्राओं में सक्रिय हैं। प्रदेश में सियासी दलों ने अपनी चुनावी रणनीति के चलते यात्राओं का दौर जारी है। इसी बीच, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव बिहार अधिकार यात्रा पर हैं और अपने दौरे के दौरान युवाओं से नौकरी और रोजगार के मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं।
अपनी यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर डिग्रीधारी हर युवा को नौकरी दी जाएगी। इस बयान पर JDU ने पलटवार किया है। शुक्रवार, 19 सितंबर 2025 को जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने इस पर प्रतिक्रिया दी और RJD पर तीखा हमला बोला।
घर के बचे सदस्यों को सशक्तिकरण करें- राजीव रंजन
तेजस्वी यादव के ‘हर हाथ रोजगार’ देने वाले बयान पर जेडीयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, “उन्हें यह कहना चाहिए कि अभी मुझे नेता प्रतिपक्ष बनने का मौका मिला है। मेरे पिता सजायाफ्ता होते हुए भी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, माता जी विधान परिषद में पार्टी की नेता हैं और परिवार के अन्य सदस्य भी विभिन्न सदनों में हैं। ऐसी स्थिति में अब घर के बचे हुए सदस्यों का भी सशक्तिकरण कर दें।”
‘…तो नौजवान उन पर भरोसा नहीं करेंगे’
जेडीयू नेता ने तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए कहा, “दरअसल, उनकी यात्रा परिवार सशक्तिकरण यात्रा में बदल गई है। उन्हें नौजवानों के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। नौकरी के बदले जमीन मांगने वाले और चारा घोटाला करने वाले लोग जब बिहार को बदलाव के सपने दिखाएंगे, तो नौजवान उन पर भरोसा नहीं करेंगे।”
बता दें कि, इससे पहले बीते गुरुवार (18 सितंबर, 2025) जेडीयू ने अपने एक्स हैंडल से एक AI वीडियो साझा कर तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ पर हमला बोला।
ट्वीट में लिखा गया, “जब बिहार के लोग अपने अधिकारों के लिए दर-दर भटकते, बिजली-पानी और रोजगार के लिए पलायन करते थे, तभी की याद ताजा कर अब यह ‘अधिकार यात्रा’ निकली है। यह यात्रा घावों पर मरहम लगाने नहीं, बल्कि उन्हें कुरेदने का काम कर रही है।”




