कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा होर्डिंग फाडऩे से नहीं रूकेगा सेवा का कार्य, अब एक के बदले लगेंगे दस होडिंग मंडी, 27 मई (हि. स.)। स्वर्गीय प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्य तिथि पर प्रदेश मुख्यालय व जिला स्तर पर लगाए गए कांग्रेस कोरोना रिलिफ कमेटी के प्रभारी जीएस बाली की फोटो वाले होर्डिंग फाडऩे का सिलसिला शिमला व कांगड़ा के बाद अब मंडी भी पहुंच गया है। बुधवार बीती रात शरारती तत्वों जिनके बारे में कहा जा रहा है कि कांग्रेस का ही एक धड़ा है, ने बीती रात गांधी भवन मंडी पर 19 मई से सजा, इस तरह का होर्डिंग फाड़ डाला। हालांकि, गुरूवार को पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की पुण्य तिथि भी थी और जिला प्रधान प्रकाश चौधरी समेत अन्य कई कांग्रेस पदाधिकारी भी उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए गांधी भवन में आए थे। मगर किसी ने इस बारे में खुल कर विरोध नहीं किया । भले ही इस होर्डिंग को फाड़े जाने को लेकर खूब चर्चा रही व सोशल मीडिया पर भी यह चर्चा का विषय बना रहा। कांग्रेस मंडी जिला प्रवक्ता योगेश सैणी ने बताया कि 21 मई को स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्य तिथि थी और 19 मई को इस होर्डिंग को यहां पर लगाया गया था। उन्होंने कहा कि ऐसी ओच्छी व छोटी हरकतों से कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया कोरोना रिलिफ अभियान नहीं रूकेगा। जिन्होंने ने भी यह हरकत की है वह यह बात नोट कर लें कि जल्द ही 500 हेल्थ किट कांग्रेस की ओर से मंडी जिले में पहुंच रही है जिसे प्रभावितों में बांटा जाएगा। एक होर्डिंग के फपडऩे से कुछ नहीं होगा अब इसके बदले दस लगाए जाएंगे। अब हर विधानसभा क्षेत्र में एक होर्डिंग लगेगा। जिला प्रवक्ता ने कहा कि इस करतूत की शिकायत प्रदेश कांग्रेस हाइकमान से कर दी है। इस बारे में पुलिस प्रशासन से भी शिकायत की जाएगी ताकि यह पता चल सके कि किसने यह हरकत की है और उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। गौरतलब है कि इन होर्डिंगों में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का फोटो न होने से उनके समर्थकों द्वारा शिमला में इस तरह की कार्रवाई किए जाने का आरोप लगा था। अब मंडी में जो होर्डिंग फटा है उसमें भी वीरभद्र सिंह का फोटो नहीं था। ऐसे में आरोप तो वीरभद्र समर्थकों पर यहां भी लगेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता योगेश सैणी ने यह भी आशंका जताई कि यह भाजपा की चाल हो सकती है। उन्होंने कहा कि शिमला कांगड़ा में हुई घटनाओं को देखते हुए हो सकता है, भाजपा ने इस तरह की करतूत करके कांग्रेस में फूट डालने का प्रयास किया हो। ऐसे में इसकी पूरी जांच होनी चाहिए क्योंकि इस समय भाजपा बौखलाहट में है और वह कुछ भी कर सकती है। हिन्दुस्थान समाचार/मुरारी/सुनील





