नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वाराणसी के दालमंडी चौड़ीकरण मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार एक ऐतिहासिक बाजार की पहचान खत्म करने की कोशिश कर रही है।
”यह हेरिटेज बचाने की नहीं, राजनीति साधने की योजना”
अखिलेश यादव का कहना है कि पिछले कई महीनों से दालमंडी के व्यापारियों पर चौड़ीकरण के नाम पर संकट डाला जा रहा है। उनका आरोप है कि BJP वहां चुनाव नहीं जीत पाई इसलिए राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई की जा रही है। दालमंडी ऐतिहासिक पहचान वाला बाजार है, इसे खत्म किया जा रहा है।
”दुकान दे दोगे, ग्राहक कैसे दोगे?”
अखिलेश ने कहा कि सरकार कह रही है कि व्यापारियों को नई दुकान दे देगी, लेकिन वहां ग्राहक कौन देगा? उन्होंने बीजेपी पर व्यंग्य करते हुए कहा:“एक दुकान को जमाने में जमाना लग जाता है। किसी की जीविका छीनने का अधिकार इनको किसने दे दिया? सपा चीफ ने चौड़ीकरण को BJP की संकीर्ण सियासत की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि दालमंडी एक दिन में नहीं बनी, यहां पीढ़ियों से काम हो रहा है। सपा ने सरकार से मांग की है कि दालमंडी के व्यवसाय और उसकी विरासत को सम्मान दिया जाए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि BJP ने लखनऊ में मॉल बेचने का काम किया और अब अन्य जगहों की विरासत पर भी हमला कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गलत फैसले ले रही है, और अधिकारी भी जिम्मेदार होंगे। समय आने पर उनसे वसूली की जाएगी।
“सरकार जाने वाली है… हम हराने की तैयारी में हैं”
अखिलेश ने मेरठ और महाराजगंज में की गई ध्वस्तीकरण कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। जीत तो सिकंदर को भी अमर नहीं कर पाई, यह सरकार भी अधिक दिन नहीं टिकने वाली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाजवादी पार्टी दालमंडी के व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ी है।





