— 13 करोड़ की लागत से बन रही सड़क, 15 साल से परेशान थे लोग कानपुर, 21 मई (हि.स.)। बजट का रोना रो रहा आवास विकास को आखिरकार जनता का दर्द समझ में आ गया और शन्नेश्वर मंदिर से मसवानपुर चौराहा तक की टूटी सड़क को बनाने की हरी झण्डी दे दी। शुक्रवार को हवन पूजन के साथ सड़क का शिलान्यास शुरु हो गया और तीन माह में सड़क के कार्य को पूरा करना है। इसकी लागत करीब 13 करोड़ रखी गई है और आवास विकास के धन से नगर निगम कार्य को पूरा कराएगा। इससे 15 साल से परेशानी का दंश झेल रहे लोगों को राहत मिलेगी और वाहन भी फर्राटा भर सकेगें। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में स्थिति शन्नेश्वर मंदिर से मसवानपुर और पनकी रोड तक आवास विकास क्षेत्र को विकसित कर लोगों को आवास उपलब्ध कराया। इन सभी जगहों की सड़कें लगभग सही हैं पर शन्नेश्वर मंदिर से मसवानपुर चौराहा तक की सड़क पिछले 15 सालों से खराब चल रही थी। इसका एक कारण यह भी रहा कि सड़क के एक तरफ सामान्य आबादी है और दूसरी तरफ आवास विकास है। ऐसे में आवास विकास चाहता था कि सड़क का पुर्ननिर्माण नगर निगम कराये, जबकि यह सड़क आवास विकास के हिस्से में है। दोनों विभागों की खींचतान के चलते पिछले 15 सालों से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक अगर किसी वाहन को बुक किया जाता है तो उधर जाने से पहले तो साफ मना कर देता है अगर कोई जाता भी है तो रेट दोगुना कर देता है। इन्ही परेशानियों को लेकर क्षेत्रीय जनता कई बार भाजपा विधायक सुरेन्द्र मैथानी से दर्द बयां किया और विधायक के प्रयासों से सड़क बनाने पर सहमति बन गई। सड़क बनाने में कुल 13 करोड़ रुपये का खर्च आएगा, जिसमें छह करोड़ रुपये सड़क निर्माण पर और सात करोड़ रुपये पानी की निकासी के लिए नाला आदि बनाने में खर्च होंगे। शुक्रवार को मसवनापुर अशोक वाटिका में हवन पूजन के साथ सड़क का शिलान्यास हो गया। तीन माह में फर्राटा भरेंगे वाहन विधायक ने बताया कि तीन माह में सड़क का निर्माण कराना है। डेल्टा कंपनी सड़क और जल निकासी का निर्माण कराएगी। इस खतरनाक सड़क के बनने से एक लाख जनता को लाभ मिलेगा। पनकी, आवास विकास कल्याणपुर, मसवानपुर, छपेड़ा पुलिया, रावतपुर गांव समेत कई इलाकों को लाभ मिलेगा। इस बार सड़क के साथ ही दोनों तरफ जल निकासी की भी व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए धन आवास विकास विभाग देगा और नगर निगम कार्य कराएगा। इसकी लंबाई तीन किलोमीटर है और रोजाना गुजरने वाले एक लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा। हिन्दुस्थान समाचार/अजय




