शिमला, 20 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को राज्य में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से राज्य को 1036 अतिरिक्त ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर प्रदान किए जाएंगे। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में ऑक्सीजन सिलेंडरों की समुचित आपूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि मरीजों को ऑक्सीजन की कमी न हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केन्द्र से प्रदेश के लिए ऑक्सीजन कोटा 10 मीट्रिक टन बढ़ाने का भी आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने पहले ही ऑक्सीजन कोटा 15 मीट्रिक टन से बढ़ाकर 30 मीट्रिक टन कर दिया है। उन्होंने कहा कि मरीजों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए राज्य में पहले से ही 6200 डी-टाइप और 2200 बी-टाइप के सिलेंडर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि राज्य द्वारा सीएसआर के अन्तर्गत विभिन्न एजेंसियों से 250 सिलेंडर प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के लिए 20 किलोलीटर ऑक्सीजन क्रायोजेनिक टैंक स्थापित करने के लिए भी प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस तरह के दो टैंक आईजीएमसी शिमला और डाॅ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीएसआर के अन्तर्गत अधिक से अधिक ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध करवाने के भी प्रयास किए जाने चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार/सुनील




