आनलाइन रजिस्ट्रेशन से ही होगा टीकाकरण : मंडलायुक्त मीरजापुर, 17 मई (हि.स.)। जिले में 18 से 44 वर्ष के नागरिकों के टीकाकरण का शुभारम्भ सोमवार को मंडलीय चिकित्सालय सहित सभी 17 सरकारी अस्पतालों में प्रारम्भ हुआ। टीकाकरण का शुभारम्भ उर्जा राज्यमंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने किया। लोगों में जागरूकता एवं टीकाकरण के महत्व का ही परिणाम था कि प्रथम दिन ही मंडलीय चिकित्सालय में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराए 500 नागरिकों ने उत्साह के साथ टीकाकरण कराया। कोविड-19 टीकाकरण के शुभारम्भ के अवसर पर ऊर्जा राज्यमंत्री ने कहा कि 18 से 44 वर्ष आयु के नागरिकों का टीकाकरण प्रारम्भ करने वाला मीरजापुर 18वां जनपद है। उत्तर प्रदेश टीकाकरण के मामले में अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर एवं शीर्ष पर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से प्रदेश में संक्रमितों की संख्या कम हुई है। कहा कि इस महामारी से वैक्सीन ही हमें बचायेगी। इसलिये अधिक से अधिक लोग टीकाकरण कराये और दूसरे को भी प्रेरित और जागरूक करें। उन्होने कहा कि कोरेना किसी जाति या पार्टी को नहीं देखता, उसका प्रसार एवं प्रभाव सभी पर एक समान होता है। मण्डलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने बताया कि 18 से 44 वर्ष के लोगों को सर्वप्रथम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना है। टीकाकरण कार्य तबतक चलता रहेगा जबतक शत प्रतिशत लोगो का टीकाकरण नहीं हो जाता है। उन्होने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया कि टीकाकरण सेंटर पर शांति व्यवस्था बनाये रखें। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम के सुचारू एवं सफल संचालन के लिए टीकाकरण में लगे सभी स्वास्थकर्मियों को निर्देश दिया कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए, टीकाकरण को आए लोगों को सुविधा एवं सावधानी के साथ टीकाकरण किया जाए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीडी गुप्ता ने बताया कि जिन लोगों का टीकाकरण हो जायेगा वे लोग ज्यादा सुरक्षित रहेंगे तथा उन पर कोरोना संक्रमण का खतरा नहीं होगा या उन पर बहुत कम प्रभाव पड़ेगा। 11 लाख की आबादी वाले मीरजापुर में अब तक 42 हजार लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। टीकाकरण के जागरूकता एवं उत्साह का ही परिणाम है कि अगले चार दिन तक टीकाकरण का स्लाट बुक हो चुका है। हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/विद्या कान्त




