जगदलपुर, 27 जून (हि.स.)। प्रदेश में वर्ष 2019 में प्रारंभ हुई 14580 नियमित शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया आज तक पूरी नही हो पाई है। इनकी भर्ती-पदस्थापना जल्द करने के लिए शिक्षक नंद किशोर वर्मा की सायकल यात्रा 24 जून 2021 दुर्ग से प्रारंभ हुई है। यात्रा छत्तीसगढ़ के पाचों संभाग में जाकर साइकिल यात्रा के माध्यम से एक जुलाई को रायपुर में आंदोलन स्थल पर यात्रा समाप्त होगी। साइकिल यात्रा के माध्यम से प्रदेश की सरकार से मांग कि जा रही है कि 14 हजार 580 नियमित शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया पूरी कर इनकी जल्द पदस्थापना किया जाए। इसी कड़ी में रविवार को साइकिल यात्रा जगदलपुर पहुंची जहां शिक्षक संघ सहित भाजपा नेताओं ने भव्य स्वागत किया। शिक्षक नंद किशोर वर्मा की साइकिल यात्रा दंतेश्वरी मंदिर परिसर जगदलपुर पंहुचने पर भाजपा नगर मंडल एवं भाजपा बस्तर जिला पदाधिकारी, भाजयुमो कार्यकर्ता साथ ही बीएड संघ के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने स्वागत किया। इस दौरान विशेष रूप से राजनांदगांव भाजपा सांसद संतोष पांडेय भी उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे




