संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने उत्तरी अफ़ग़ानिस्तान के कुन्दूज़ शहर की एक शिया मस्जिद को निशाना बना कर किये गए आत्मघाती बम हमले की कठोरतम शब्दों में निन्दा की है. ख़बरों के अनुसार जुमे की नमाज़ के दौरान हुए इस हमले में 100 से ज़्यादा श्रृद्धालु हताहत हुए हैं. यूएन महासचिव के प्रवक्ता की ओर से जारी वक्तव्य में क्षोभ ज़ाहिर किया गया है कि एक सप्ताह से भी कम समय में धार्मिक केंद्रों पर यह तीसरा हमला है. Today’s incident is part of a disturbing pattern of violence: 3rd deadly attack this week apparently targeting a religious institution. Islamic State(KP) claimed responsibility for Sunday’s incident next to a Kabul mosque. Wednesday’s attack on a madrassa in Khost unclaimed. 2/2 — UNAMA News (@UNAMAnews) October 8, 2021 यूएन प्रमुख ने कहा, “स्वतंत्रतापूर्वक अपने धर्म पालन के अधिकार का इस्तेमाल कर रहे लोगों को जानबूझकर निशाना बनाया जाना, बुनियादी मानवाधिकारों और अन्तरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून का उल्लंघन है.” उन्होंने इस घटना के दोषियों की जवाबदेही तय किये जाने का आग्रह किया है. महासचिव ने शोकाकुल परिवारजनों के प्रति अपनी सम्वेदना व्यक्त की हैं और घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. ख़बरों के अनुसार, आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (दाएश) से सम्बद्ध स्थानीय गुट, इस्लामिक स्टेट खोरासान प्रान्त (IKSP) ने इस हमले की ज़िम्मेदारी लेने का दावा किया है. इससे पहले भी, IKSP ने सुन्नी-बहुल अफ़ग़ानिस्तान में शिया मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाया है. ग़ौरतलब है कि इस वर्ष अगस्त महीने में अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान ने देश की सत्ता पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया था. IKSP को तालेबान के विरोधी गुट के रूप में देखा जाता है. खोरासान गुट ने अगस्त महीने में काबुल हवाई अड्डे पर मची अफ़रातफ़री के बीच एक घातक हमला किया था जिसमें 13 अमेरिकी सैन्यकर्मियों सहित 169 अफ़ग़ान नागरिकों की मौत हो गई थी. चिन्ताजनक रुझान अफ़ग़ानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र मिशन (UNAMA) ने ट्विटर पर अपने एक सन्देश में हाल के दिनों में हमलों में आई तेज़ी व्यथित कर देने वाली है. ट्वीट में कहा गया है कि अफ़ग़ानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र परिवार में, सैयदाबाद शिया मस्जिद पर हुए हमले में हताहतों की बड़ी संख्या की रिपोर्टों पर गहरी चिन्ता है. शुक्रवार को शिया मस्जिद पर बम हमले से पहले, काबुल की एक मस्जिद पर गत रविवार को हमला हुआ था जिसकी ज़िम्मेदारी भी आईएस खोरासान गुट ने ली है. बुधवार को खोस्त प्रान्त में एक स्कूल को निशाना बनाया गया, मगर इस हमले की ज़िम्मेदारी अभी किसी गुट ने नहीं ली है. यूएन मिशन का कहना है कि देश में हिंसा का यह रुझान परेशान कर देने वाला है. –संयुक्त राष्ट्र समाचार/UN News




