नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद अब सभी की नजरें बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव पर जा टिकी हैं। हालांकि अगले साल होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भी बयानबाजी का दौर शुरू हो चुका है। कभी ममता बनर्जी के सबसे विश्वस्त माने जाने वाले शुभेंदु अधिकारी अब उनके कट्टर विरोधी माने जाते हैं। बीते विधानसभा चुनाव में पाला बदलने वाले शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम से ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ा था और उन्हें हराया भी था। अब शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को एक नई चुनौती दे दी है।
विधानसभा से ममता बनर्जी पर बरसे शुभेंदु अधिकारी
बुधवार को शुभेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी के बीच पश्चिम बंगाल विधानसभा में वार पलटवार देखने को मिला। शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर आप भवानीपुर से भी चुनाव लड़ेंगी तो हार जाएंगी। आपको नंदीग्राम की तरह ही पांच और साल तक एक और हार का दर्द सहना होगा। उनका यह बयान ममता बनर्जी द्वारा शुभेंदु अधिकारी पर किए गए कटाक्ष के बाद आया। ममता बनर्जी ने बिना नाम लिए कहा कि कुछ नेता राजनीतिक लाभ के लिए पार्टी बदल लेते हैं। सीएम ने कहा कि वह एक बार फिर से पार्टी बदलने की जुगत में लगे हुए हैं।
TMC नेता कुणाल घोष ने किया पलटवार
भवानीपुर ममता बनर्जी की गृह सीट रही है। नंदीग्राम से चुनाव लड़ने से पहले वह भवानीपुर से भी अपनी किस्मत आजमा चुकी हैं। साल 2011 और 2016 में उन्होंने इस सीट से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। हालांकि 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम से शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान किया था हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अब शुभेंदु अधिकारी की चुनौती पर TMC नेता कुणाल घोष ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि “सुवेंदु को इस सीट से लड़ने दीजिए। हम ये सुनिश्चित करेंगे कि वह रिकॉर्ड अंतर से हारें।”




