नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । तेलुगु अभिनेता विजय देवरकोंडा के भयंकर कार एक्सीडेंट की खबर ने उनके फैंस को चौंका दिया था। बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही लोग उनकी हालत को लेकर चिंतित हो उठे थे। अब इस हादसे के बाद विजय देवरकोंडा की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए बताया कि उनकी तबीयत ठीक है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। विजय ने यह भी साझा किया कि उनके सिर में हल्की चोट आई है, जिससे थोड़ा दर्द है, लेकिन उनकी हालत ठीक है।
विजय देवरकोंडा ने दी हेल्थ अपडेट
कार एक्सीडेंट की खबर के बाद फैंस की चिंता के बीच विजय देवरकोंडा ने खुद अपनी सेहत को लेकर अपडेट दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “सब ठीक है । कार भिड़ गई थी, लेकिन हम सब सुरक्षित हैं। मैंने आज स्ट्रेंथ वर्कआउट भी किया और अभी घर लौटा हूं।” अभिनेता ने पोस्ट में फैंस के प्रति प्यार जताते हुए लाल दिल वाला इमोजी भी लगाया। विजय ने आगे बताया कि उनके सिर में हल्की चोट आई है जिससे दर्द हो रहा है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं जो बिरयानी और नींद से ठीक न हो सके। उन्होंने फैंस से अपील की कि इस खबर से तनाव न लें। अंत में पोस्ट में गले लगाने और लाल दिल वाला इमोजी जोड़ा।
हैदराबाद लौटते वक्त हुआ हादसा
‘किंगडम’ फेम अभिनेता विजय देवरकोंडा हाल ही में अपने परिवार के साथ पुट्टपर्थी स्थित प्रशांति निलयम आश्रम गए थे, जहां उन्होंने श्री सत्य साईं बाबा की महासमाधि के दर्शन किए। लौटते समय जब वह हैदराबाद की ओर जा रहे थे, तभी तेलंगाना के जोगुलम्बा गडवाल जिले में स्थित हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक विजय की Lexus LM350 कार को पीछे से एक अन्य वाहन ने टक्कर मार दी। हैरानी की बात यह रही कि टक्कर मारने वाली कार मौके पर रुकी तक नहीं और भाग निकली। इस दुर्घटना में विजय देवरकोंडा बाल-बाल बच गए और इसके बाद वह कथित तौर पर अपने एक दोस्त की कार में सवार होकर हैदराबाद के लिए रवाना हो गए।
सगाई की खबरें भी चर्चा में
एक्सीडेंट के बाद जहां विजय देवरकोंडा की सेहत को लेकर फैंस राहत महसूस कर रहे हैं, वहीं अब उनकी सगाई की खबरें भी चर्चा में हैं। दरअसल, पुट्टपर्थी यात्रा के दौरान आश्रम प्रबंधन ने विजय का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। इस मौके पर ली गई एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है, जिसमें विजय के हाथ में सगाई की अंगूठी नजर आ रही है। इसके बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि विजय ने हाल ही में एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना से सगाई कर ली है। हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के मुताबिक, यह सगाई पिछले हफ्ते हुई थी और दोनों सितारे अगले साल फरवरी में शादी कर सकते हैं। इस बीच, एक्सीडेंट की घटना को लेकर विजय के ड्राइवर ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





