नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । फिलहाल, एशिया कप 2025 का टूर्नामेंन जारी है। कल भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को तगड़ी पटखनी दी। टीम इंडिया ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया। इस मुकाबले के पूर्व में भी कई राजनीतिक दलों ने पाकिस्तान के साथ मैच खेलने को लेकर सरकार और बीसीसीआई की आलोचना की।
अब भी भारतीय टीम के पाकिस्तान के साथ मुकाबला खेलने को लेकर सियासी बयानबाजी चल रही है। दिल्ली के पूर्व मंत्री और AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को चुनौती दी है। उन्होंने कहा, “अगर तुम्हारी और BCCI और ICC की औकात है, तो जितना पैसा तुमने ब्रॉडकास्टिंग राइट से कमाया है, उसे 26 औरतों को दे दो। तभी हम मानेंगे कि तुमने इसे डेडिकेट किया। अगर नहीं किया तो औकात नहीं है।”
सूर्यकुमार यादव को भारत रत्न दे दे सरकार- सौरभ भारद्वाज
सौरभ भारद्वाज ने तंज भरे अंदाज में कहा, “सूर्यकुमार यादव ने इस 140 करोड़ के देश पर बहुत बड़ा एहसान किया कि हाथ नहीं मिलाया। मुझे तो लगता है कि उन्होंने पैदा होकर ही भारत पर बहुत बड़ा एहसान कर दिया। ये तो उनसे भी महान हैं जिनके बेटों ने सरहद पर कुर्बानियां दी हैं। भाजपा इनकी महानता का ढोल पीट रही है। भारत सरकार चाहे तो इन्हें भारत रत्न दे दे।”
विरोध के बावजूद मैच कराया गया- सौरभ भारद्वाज
सोमवार (15 सितंबर) को AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विरोध के बावजूद भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि दुबई के छोटे स्टेडियम की सारी टिकटें बिक गईं, लेकिन भारतीयों ने महसूस किया कि अगर इस मैच में गए, तो उन्हें हमेशा देशद्रोही कहा जाएगा।
इस बार पहले जैसा माहौल नहीं- आप नेता
इसके आगे सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जनता में इस मैच को लेकर कोई उत्सुकता नहीं दिखी। हालांकि मैच में भारत की टीम ने जीत हासिल की, लेकिन गर्मजोशी का माहौल नजर नहीं आया। उन्होंने यह भी कहा कि मैच के बाद बीजेपी ने स्क्रिप्ट तैयार की कि हमारे कैप्टन ने उनके कैप्टन से हाथ नहीं मिलाया।
दिल्ली में कहीं भी पटाखे नहीं फोड़े गए- AAP नेता
बीजेपी पर निशाना साधते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस बार दिल्ली में कहीं भी पटाखे नहीं जले, जो कि दिल्ली के इतिहास में पहली बार हुआ है। उन्होंने कहा कि जनता ने बीजेपी सरकार को साफ संदेश दे दिया है।





