नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा और अहम मैच खेला जा रहा है। गाबा टेस्ट के पहले दिन से ही बारिश इस मैच में बार बार विलेन बनकर सामने आ रही है। पहली पारी में 445 रनों का शानदार स्कोर बनाकर मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही ऑस्ट्रेलियाई टीम को मैच ड्रॉ होने का डर सता रहा है। हालांकि WTC फाइनल के लिहाज से यह मैच भारत के लिए भी अहम है। ऐसे में फैंस के बीत इस बात की चर्चा तेज हो चली है अगर बारिश के चलते मैच ड्रॉ हो जाता है तो क्या समीकरण होंगे, क्या भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच पाएगा या नहीं। आइए जानते हैं क्वालिफिकेशन के समीकरण।
गाबा में बैकफुट पर टीम इंडिया
गाबा के ऐतिहासिक मैदान पर पहली पारी में ही टीम इंडिया की हालत खस्ताहाल नजर आ रही है। बारिश के चलते टेस्ट के चौथे दिन तक केवल ऑस्ट्रेलिया की पारी ही पूरी हो सकी है। भारत अभी भी पहली पारी ही खेल रहा है जिसमें खबर लिखे जाने तक 6 विकेट के नुकसान पर 180 रन हैं। टीम इंडिया को फॉलोआन बचाने के लिए अभी भी 66 रनों की जरूरत है। 4 विकेट के बाकी रहते अगर भारत फॉलोआन बचानें में कामयाब न हुआ तो ऑस्ट्रेलिया पारी से जीत हासिल कर लेगा जो WTC Finals के लिहाज से टीम इंडिया के लिए झटका होगा। जबकि बारिश के चलते अगर मैच ड्रॉ हुआ तो क्या होंगे फाइनल के समीकरण।
क्या होगा WTC फाइनल का सिनेरियो
बारिश के चलते अगर गाबा मैच ड्रॉ हो जाता है तो भारत पर अगले दो टेस्ट मैच जीतने का दवाब बन जाएगा। मौजूदा प्वाइंट टेबल के हिसाब से भारत अभी 57.29 PCT के साथ WTC Points Table में तीसरे स्थान पर है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया 60.71 PCT के साथ दूसरे स्थान पर है। अगर मैच ड्रॉ होता है तो दोनों टीमों को 4-4 अंक मिलेंगे जिसके बाद भारत का PCT 55.88 पर हो जाएगा। इन समीकरणों के बाद भारत को अपने बूते क्वालिफाई करने के लिए अगले दोनों मैच जीतने होंगे। इसके अलावा किसी भी सिनेरियो में दूसरी टीमों पर निर्भर रहना होगा।




