नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को श्रीनगर में हाउस अरेस्ट कर लिया गया। AAP का आरोप है कि संजय सिंह को पार्टी विधायक मेहराज मलिक की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से पहले ही रोक दिया गया। दिल्ली के AAP विधायक इमरान हुसैन भी उनके साथ हाउस अरेस्ट किए गए हैं।
गेट पर चढ़कर फारूक अब्दुल्ला से की मुलाकात
जब नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला संजय सिंह से मिलने गेस्ट हाउस पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें अंदर जाने की इजाजत नहीं दी। इस पर संजय सिंह गेट पर चढ़ गए और वहीं से फारूक अब्दुल्ला से बातचीत की।
संजय सिंह का आरोप
संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, “बहुत दुख की बात है कि फारूक अब्दुल्ला मुझसे मिलने आए, लेकिन पुलिस ने मुलाकात की इजाजत नहीं दी। यह तानाशाही नहीं तो और क्या है? उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में हक़ के लिए आवाज़ उठाना संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सरकारी गेस्ट हाउस को पुलिस छावनी बना दिया गया है।
मेहराज मलिक की गिरफ्तारी पर बवाल
AAP की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष और डोडा से विधायक मेहराज मलिक को 8 सितंबर को हिरासत में लिया गया था। उन पर लोक व्यवस्था भंग करने का आरोप है। उन्हें सख्त कानून PSA के तहत गिरफ्तार कर कठुआ जिला जेल भेजा गया है। AAP नेताओं ने कहा कि यह लोकतंत्र का गला घोंटना है। संजय सिंह का कहना है कि सरकार आंदोलन और प्रेस कॉन्फ्रेंस तक नहीं करने दे रही, जिससे साफ है कि तानाशाही चरम पर है। मेहराज मलिक की गिरफ्तारी पर उठी आवाज़ को दबाने के लिए श्रीनगर में संजय सिंह और उनके साथियों को हाउस अरेस्ट कर दिया गया, लेकिन उन्होंने गेट पर चढ़कर ही फारूक अब्दुल्ला से मुलाकात कर ली।





