नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । प्रयागराज के करछना तहसील के भड़ेवरा बाजार में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। अब तक भीम आर्मी के पदाधिकारियों समेत लगभग 600 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की जा चुकी है। इस घटना में अब तक कुल 85 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें बीते दिन 10 और बवालियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। फरार अन्य आरोपियों की खोज जारी है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। साथ ही गांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती कर शांति बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद फोटो और वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान में लगी है।
क्या है मामला ?
दरअसल, प्रयागराज के भड़ेवरा बाजार में बीते रविवार को हुई हिंसा का मामला गरमाया हुआ है। आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के समर्थकों ने इसौटा गांव जाने से रोक दिए जाने के बाद भारी तोड़फोड़ और आगजनी की। भीड़ ने दर्जनों वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के बाद उनमें आग लगा दी। इस मामले में भीम आर्मी के तहसील अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत कुल 54 नामजद और 550 से अधिक अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। स्थानीय पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।
मामले को लेकर क्या बोले सांसद चंद्रशेखर आजाद ?
इस बीच, सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा है कि उपद्रव में उनके समर्थकों का कोई रोल नहीं है। उन्होंने पुलिस से अपील की है कि जांच के बाद कार्रवाई करे, लेकिन उनके समाज के लोगों को बदनाम न किया जाए। उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि उनके लोगों को परेशान किया गया तो लखनऊ में बड़ा आंदोलन होगा और विधानसभा और मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
घटना के बाद पूरे इसौटा गांव और आस-पास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस बल की भारी तैनाती के साथ फ्लैग मार्च और निरंतर निगरानी जारी है ताकि माहौल को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को रोका जा सके। साथ ही, बवालियों के खिलाफ सख्त और तेज कार्रवाई भी जारी है।




