नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बिहार की विजिलेंस टीम ने गुरुवार को बेतिया में पूर्वी चंपारण के जिला शिक्षा अधिकारी रजनीकांत प्रवीण के आवास पर छापेमारी की। इन छापेमारी में उनके ठिकानों से करोड़ों रुपये का कैश बरामद हुआ है। विजिलेंस विभाग ने 4 जिलों में उनके 7 ठिकानों पर छापेमारी की है जिसमें उनकी पत्नी का स्कूल और उनकी ससुराल शामिल है। इस छापेमारी में मिले कैश की मात्रा इतनी है कि इसे गिनने के लिए विजिलेंस टीम को मशीन लानी पड़ी।
ठेकेदारों से मिलीभगत कर करोड़ों के गबन का आरोप
बिहार की विजिलेंस टीम को DEO रजनीकांत प्रवीण के खिलाफ ऐसी कई शिकायते मिल रही थी जिसमें उनपर स्कूलों में समरसिबल और अन्य उपकरण खरीदने में ठेकेदारों से मिलीभगत से पैसों के गबन का आरोप लगाया गया था। विभाग ने जब एक्शन लेते हुए उनके 7 ठिकानों पर ताबड़तोड छापेमारी कर दी। न सिर्फ उनके बेतिया स्थित आवास पर छापेमारी की गई जबकि उनकी पत्नी के निजी स्कूल में भी छापा मारा। बता दें कि दरभंगा में उनकी पत्नी की निजी स्कूल है जबकि रजनीकांत प्रवीण दरभंगा जिले के DPP रह चुके हैं। ऐसे में संभावना है कि उनकी पत्नी के स्कूल में भी पैसे छिपे हो सकते हैं। बिहार के समस्तीपुर में उनके ससुराल पर भी छानबीन जारी है।
नोट गिनने के लिए मंगवानी पड़ी मशीन
सामने आ रही तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि नोट इतनी मात्रा में बरामद किए गए हैं कि डबल बेड भी छोटा पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि विजिलेंस टीम ने इस बारे में कोई भी आधिकारिक बयान या आंकड़ा जारी नहीं किया है। सुबह से चल रही छापेमारी खबर लिखे जाने तक भी जारी है। कार्यवाई पूरी होने के बाद ही बरामद किए गए कैश का आधिकारिक आंकड़ा और स्त्रोत बताया जा सकेगा।





