नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । अमरनाथ यात्रा शुरु होने के अब सब तीन दिन ही बाकी बचे हैं। इसे लेकर ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। अब तक जिन भक्तों ने ऑनलाइन माध्यम से यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उनके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया चल रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार (30 जून) से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ और पहले दिन ही बड़ी संख्या में भक्त विशेष केंद्र पर पहुंचे हैं। अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को बालटाल और पहलगाम मार्ग से शुरू होगी।
कैसे करें रजिस्ट्रेशन?
अगर आप अमरनाथ यात्रा करना चाहते है और पंजीकरण से छूट गए है तो टेंशन वाली बात नहीं है। जम्मू में सोमवार से पंजीकरण शुरू हो गया है। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर यात्रा के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। जम्मू शहर में तत्काल पंजीकरण काउंटर बनाए गए है। 2 जुलाई को भक्तों का पहला जत्था रवाना होगा और 3 जुलाई से यात्रा शुरू होगी।
कहां-कहां हैं टोकन सेंटर?
यात्रा पर जाने वालों भक्तों के लिए प्रशासन ने टोकन सेंटर की व्यवस्था कि है। जम्मू रेलवे स्टेशन के पास, सरस्वती धाम है। यहां से श्रद्धालुओं को पहले टोकन लेना होता है। फिर उसके बाद मेडिकल चेकअप अनिवार्य है, जिसके बाद के लिए टोकन जारी किया जाता है।
ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के केंद्र
यात्रा पर जानें वाले सामान्य श्रद्धालुओं के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन का एक प्रमुख केंद्र जम्मू के वैष्णवी धाम बनाया गया है। यहां से टोकन प्राप्त करने के बाद श्रद्धालु यहां रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके अलावा, जम्मू के पंचायत भवन महारान यह भी सामान्य श्रद्धालुओं के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन का केंद्र है।
रजिस्ट्रेशन के लिए 533 से अधिक बैंक शाखाएं नामित
ई-केवाईसी सेंटर, रेलवे स्टेशन और बेस कैंप भगवती नगर, इस केंद्रों पर साधु-संतों के लिए विशेष रूप से बनाए गए रजिस्ट्रेशन सेंटर, जहां ई-केवाईसी और RFID कार्ड से संबंधित प्रक्रिया पूरी की जाती है। देश भर में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए 533 से अधिक बैंक शाखाएं नामित की गई हैं, जिनमें पंजाब नेशनल बैंक की 309 शाखाएं, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की 99 शाखाएं, जम्मू-कश्मीर बैंक की 91 शाखाएं और यस बैंक की 34 शाखाएं शामिल हैं।
जम्मू दक्षिण SDM का बयान
जम्मू दक्षिण के SDM ने कहा कि, “हम यहां सभी अमरनाथ भक्तों का स्वागत करते हैं। हमने सरस्वती धाम में टोकन सेंटर शुरू किया है। यह जम्मू का एकमात्र टोकन सेंटर है जो बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों के लिए टोकन देता है। पंजीकरण के लिए हमने 3 केंद्र बनाए हैं। हमने बालटाल और पहलगाम मार्गों के लिए 6-6 टोकन केंद्र बनाए हैं।”
ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी दस्तावेज
ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए श्रद्धालुओं को आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट (SASB द्वारा अधिकृत डॉक्टर से), और अन्य पहचान पत्र (जैसे वोटर आईडी या पैन कार्ड) साथ ले जाना होगा। जम्मू में टोकन लेने के बाद, निर्धारित सेंटर पर मेडिकल सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज जमा कर रजिस्ट्रेशन पूरा किया जा सकता है। रजिस्ट्रेशन शुल्क: भारतीय नागरिकों के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुल्क 120 रुपये प्रति व्यक्ति और ऑनलाइन 220 रुपये प्रति व्यक्ति है।
CRPF ने बनाई खास योजना
अमरनाथ यात्रा से पहले CRPF ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जम्मू -श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर एक मजबूत बहुस्तरीय सुरक्षा योजना शुरू की है। जम्मू -श्रीनगर राजमार्ग हजारों तीर्थयात्रियों के लिए महत्वपूर्ण मार्गों में से एक है। यहा पर CRPF ने निगरानी बढ़ा दी है।





