नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । पश्चिमी दिल्ली का जनकपुरी फ्लाईओवर 2 अगस्त से करीब 1 महीने के लिए बंद कर दिया जाएगा। इस फ्लाईओवर पर एक महीने के लिए यातायात प्रतिबंधित रहेगा। इस फ्लाईओवर पर फिलहाल मरम्मत का काम शुरु होने जा रहा है। इस वजह से ट्रैफिक विभाग ने आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी की है।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि मरम्मत कार्य के चलते जनकपुरी स्थित डिस्ट्रिक्ट सेंटर फ्लाईओवर पर 2 अगस्त से एक महीने के लिए यातायात प्रतिबंधित रहेगा। लोक निर्माण विभाग (PWD) फ्लाईओवर के मरम्मत का कार्य करेगा। मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद उसे आम जनता के लिए चालू किया जाएगाा।
ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
इस मरम्मत कार्य के चलते पश्चिमी दिल्ली की और जाने वाले यात्रियों को ट्रैफिक डायवर्जन का सामना करना पड़ेगा। गाड़ियों को फ्लाईओवर के बजाय नीचे की स्लिप रोड से निकाला जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने इसके लिए पहले ही एडवाइजरी जारी कर दी है। साथ ही, यात्रियों से अपील की है कि वे आज से इस मार्ग पर यात्रा से बचें और ऑप्शनल रुट या पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें।
फ्लाईओवर बंद, नीचे के रास्ते खुले रहेंगे
DCP (वेस्ट ट्रैफिक) धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि मरम्मत का कार्य सिर्फ फ्लाईओवर के ऊपरी हिस्से में होगा। इसलिए फ्लाईओवर के नीचे के दोनों ओर के रास्ते खुले रहेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान और मार्शल लगातार मौके पर तैनात रहेंगे।
पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि, लोगों को भारी जाम से बचाव के लिए पूरे क्षेत्र में ट्रैफिक स्टाफ की अतिरिक्त तैनाती के साथ साइनेज और इंडिकेटर भी लगाने का प्लान बनाया है। हर दिन लाखों लोग इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में इस फ्लाईओवर की अस्थायी बंदी राजधानी के ट्रैफिक पर सीधा असर डाल सकती है।
ट्रैफिक पुलिस की आम लोगों से खास अपील
भारी जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से खास अपील की है। ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि लोग संयम और सहयोग बनाए रखें। इस दौरान वैकल्पिक मार्गों या मेट्रो जैसे सार्वजनिक साधनों का उपयोग करें ताकि असुविधा से बचा जा सकें।





