नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। कन्नड़ एक्ट्रेस रान्या राव पर गोल्ड की स्मगलिंग के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले में DRI के अधिकारी उनसे लगातार पूछताछ कर रहे हैं। अब इस मामले में खुद एक्ट्रेस ने एक बड़ा खुलासा कर दिया है। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की ओर से अदालत में पेश किए गए सबूतों में दावा किया गया है कि रान्या राव ने हवाला माध्यम से सोने की खरीदारी की बात स्वीकार कर ली है। बता दें कि रान्या राव के पास से 12.56 करोड़ रुपये की कीमत की सोने की ईंटें जब्त की गई थी। रान्या राव की जमानत याचिका पर सुनवाई 27 मार्च को होगी।
जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान खुलासा
मंगलवार को रान्या राव की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई जिस दौरान कन्नड़ एक्ट्रेस ने विस्फोटक खुलासा कर दिया। राजस्व खुफिया निदेशालय की ओर से कोर्ट में सबूत पेश किए गए जिसमें वरिष्ठ अधिवक्ता मधु राव ने राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की ओर से ये कहा की पूछताछ के दौरान रान्या राव ने कबूल कर लिया है कि उन्होंने गोल्ड की खरीददारी के लिए हवाला के पैसे ट्रांसफर किए थे।
27 मार्च को आएगा जमानत पर फैसला
गोल्ड की स्मगलिंग के केस में आरोपी रान्या राव की बेंगलुरु के 64वें सीसीएच सत्र न्यायालय में सुनवाई हुई। कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुना और जमानत पर आदेश को 27 मार्च तक के लिए सुरक्षित रख लिया है। सोने की तस्करी मामले में कथित तौर पर तरुण कोंडुरु राजू का नाम भी सामने आया है। DRI के अधिकारियों ने उनकी जमानत का विरोध किया। तरुण कोंडुरु राजू की जमानत याचिका को खारिज कर दिया गया था। अधिकारियों ने कहा था कि अगर जमानत दे दी गई तो वह देश से फरार हो सकते हैं।





