नई दिल्ली, रफ्तार। मुंबई में धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दरअसल सोशल मीडिया पर एक बकरे की फोटो वायरल हुई थी, जिसपर राम लिखा गया था। जिसके बाद हिंदू संगठनों ने एक मटन शॉप मालिक पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगाते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। अब पुलिस ने एक्शन लेते हुए मटन शॉप को सील कर दिया है।
कहां की है ये घटना?
मुंबई के सीबीडी बेलापुर पुलिस को शिकायत मिली कि एक मटन शॉप मालिक बकरे पर राम लिखकर उसे कुर्बानी के लिए बेच रहा है। पुलिस को ये शिकायत बजरंग दल की तरफ से मिली थी। जिसमें बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मटन शॉप मालिक जानबूझकर हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी मटन शॉप मालिक और कर्मचारी सहित 3 लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
कुर्बानी के लिए लाया गया था बकरा
दरअसल 17 जून को बकरीद पर्व को लेकर मटन शॉप में 22 बकरे लाए गए थे। जिसमें से एक बकरे पर धार्मिक नाम लिखा हुआ था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों की पहचान साजिद शफी शेख, मोहम्मद शफी शेख और कुय्याम के रूप में की। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं दुकान का लाइसेंस रद्द करने के लिए नगर निगम और अन्य अधिकारियों के सामने भी मामला उठाया है।
तस्वीर सोशल मीडिया पर हो रही थी वायरल
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से एक बकरे की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी। जिसपर अंग्रेजी में राम लिखा था। जिसको लेकर लगातार हिंदूवादी संगठन सोशल मीडिया पर कार्रवाई करने की मांग उठा रहे थे। अब पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





