नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दलों की तैयारी तेजी में है। कोई भी दल अपने मुद्दों को जनता के सामने रखने से चूक नहीं रहा है। वहीं आज 1 अक्टूबर 2024 को फरीदाबाद जिले के गदपुरी टोल के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली है, जहां से वह जनता को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दौरे के कारण हरियाणा पुलिस ने फरीदाबाद के रूट को डायवर्ट किया हुआ है। ट्रैफिक पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि 1 अक्टूबर 2024 को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक पलवल आने और जाने के लिए हाईवे का प्रयोग करने से बचें।
बल्लभगढ़ जोन के ट्रैफिक इंस्पेक्टर जगबीर सिंह ने कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को देखते हुए बल्लभगढ़ जोन के ट्रैफिक इंस्पेक्टर जगबीर सिंह ने कहा है कि फरीदाबाद से पलवल की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को कैली फ्लाईओवर से पहले ही रोक दिया जाएगा। जहां से सभी वाहन चालक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल करते हुए आगे खेड़ी खलीलपुर के रास्ते पलवल तक पहुंच सकते हैं।
दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन चालकों के लिए निर्देश
वहीं दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को बदरपुर बॉर्डर के पास से ही दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार पलवल से वापस आने वाले वाहन चालक पलवल की तरफ से पृथला तक फरीदाबाद की तरफ आ सकते हैं। जिसके बाद रूट डायवर्ट कर दिया जाएगा। डीसीपी ट्रैफिक ऊषा ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि आज सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक के समय आप सभी निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करें तो अच्छा रहेगा। यह सभी वाहन चालकों के लिए सही भी है, जिससे उनकी यात्रा में किसी तरह की रुकावट भी नहीं आएगी और समय से अपने गंतव्य में भी पहुंच जाएंगे।





