नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पटना में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार पुलिसकर्मियों को कुचल दिया। इस दर्दनाक घटना में महिला कांस्टेबल कोमल कुमारी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा एसके पुरी थाना क्षेत्र के अटल पथ पर हुआ, जब पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी
रात 12:30 बजे की घटना
पुलिस के अनुसार, रात 10:30 से 12:30 बजे तक पूरे शहर में वाहन चेकिंग अभियान चल रहा था। उसी दौरान करीब 12:30 बजे एक करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही स्कॉर्पियो ने पहले से रुकी गाड़ी को टक्कर मारी और उसके बाद पुलिसकर्मियों को उड़ा दिया। हादसे में पुलिसकर्मी हवा में उछलकर दूर जा गिरे।
महिला कांस्टेबल की मौके पर मौत
मृतक महिला कांस्टेबल का नाम कोमल कुमारी है। वह नालंदा जिले की रहने वाली थीं और एसके पुरी थाने में तैनात थीं। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों में SI दीपक कुमार, ASI अवधेश कुमार और एएसआई अशोक शामिल हैं। सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन कोमल कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो का चालक फरार है। हादसे के तुरंत बाद एसएसपी अवकाश कुमार सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और दो गाड़ियां जब्त की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और ड्राइवर की तलाश में छापेमारी जारी है।
सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे ने राजधानी पटना की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात-दिन ड्यूटी पर होती है, वहीं ऐसी घटनाएं उनके मनोबल को झटका दे सकती हैं। पटना पुलिस ने जनता से अपील की है कि अगर किसी ने इस हादसे को होते हुए देखा हो या वाहन से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द ही कानून के हवाले किया जाएगा।





