नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली के सीलमपुर इलाके में गुरुवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। 17 साल के कुणाल नामक लड़के की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार, कुणाल दूध और समोसे लेने गया था, लेकिन कुछ ही देर में उसकी हत्या की खबर मिली।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
कुणाल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में गुस्सा और डर का माहौल है। लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
‘मौत के बदले मौत चाहिए’ – माँ का दर्द
मृतक की माँ परवीन ने बताया कि उनका बेटा किसी से झगड़ा नहीं करता था। उन्होंने साहिल और गुसरा नाम के दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। साथ ही आरोप लगाया कि पुलिस पहले भी इन आरोपियों को पैसे लेकर छोड़ चुकी है।
परवीन ने कहा, “मेरा बेटा निर्दोष था। अब हमें मौत के बदले मौत चाहिए।
इलाके में पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
परिवार की सदस्य भगवान देवी ने कहा कि उनका पूरा परिवार निशाने पर रहा है। “हमारे सात लोगों को मारा जा चुका है,” उन्होंने कहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस सख्ती नहीं करती, तो पूरा इलाका असुरक्षित हो जाएगा।
‘योगी मॉडल’ की मांग, बुलडोजर की आवाज
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एकत्र होकर चौपाल लगाई और ‘यूपी मॉडल’ यानी बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरत रही है। स्थानीय निवासी राजेश, बंटी और कौशल मिश्रा ने कहा, “इलाके में गुंडों का आतंक है। बेटियों को छेड़ा जा रहा है, लोग पलायन कर रहे हैं। फिलहाल इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है ताकि कोई और विवाद न हो।





