नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। मुंबई की एक अदालत ने आज गुरुवार को होटल व्यवसायी जया शेट्टी की हत्या के मामले में गैंगस्टर छोटा राजन को दोषी मान लिया है। विशेष अदालत द्वारा डॉन छोटा राजन को उम्र कैद की सजा सुनाई गई है। महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामलों के विशेष न्यायाधीश ए.एम. पाटिल ने राजन को दोषी ठहराया है।
क्या था मामला?
दराअसल, जया शेट्टी मध्य मुंबई के गामदेवी में गोल्डन क्राउन होटल की मालकिन थीं। उनको छोटा राजन गिरोह से जबरन वसूली के लिए धमकी भरी कॉल आ रहीं थी। इसके बाद 4 मई, 2001 को गिरोह के दो सदस्यों ने उनके होटल के अंदर ही उन्हें गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। छोटा राजन गिरोह से जबरन वसूली की धमकी मिलने के बाद होटल व्यवसायी को महाराष्ट्र पुलिस ने सुरक्षा प्रदान की गई थी। हालांकि, उन पर हमले से दो महीने पहले उनके अनुरोध पर उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई थी। जिसके बाद उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
कौन है छोटा राजन?
छोटा राजन कभी दाऊद का करीबी और उसका सहयोगी माना जाता था। लेकिन 1993 के मुंबई सीरियल ब्लास्ट के बाद छोटा राजन ने दाऊद गैंग से अपना नता तोड़ लिया। इसके बाद मुंबई में छोटा राजन और दाऊद गैंग के बीच कई हिंसक झड़पें हुईं। वर्तमान में छोटा राजन जेल में बंद है। छोटा राजन को पहली बार बाली हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद 2015 में उसे भारत लाया गया। वर्तमान में वह तिहाड़ की जेल के उच्च सुरक्षा वाले सेल नंबर 2 में बंद है। छोटा राजन कई सालों तक कानूनी एजेंसियों के चंगुल से फरार रहा था। छोटा राजन का असली नाम राजेंद्र सदाशिव निकालजे है। उसका जन्म 13 जनवरी 1960 को हुआ था।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





