हमीरपुर, (हि. स.)। प्रदेश सरकार आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। इस कार्यक्रम का मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 17 जनवरी को हमीरपुर जिले के गांव गलोड़ से करेंगे।
हमीर भवन में उपायुक्त हेमराज बैरवा ने जिला के अधिकारियों के साथ बैठक की
शुक्रवार को यहां हमीर भवन में उपायुक्त हेमराज बैरवा ने जिला के अधिकारियों के साथ बैठक की और ‘सरकार गांव के द्वार’ के शुभारंभ समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। इस मौके पर उपायुक्त ने बताया कि नादौन विधानसभा क्षेत्र के गांव गलोड़ के बाद दूसरे चरण में जिला के चार अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी फरवरी के पहले हफ्ते तक अलग-अलग दिन ये कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री या कैबिनेट मंत्री करेंगे।
आयोजन स्थल से संबंधित पंचायतों में विशेष ग्राम सभा भी आयोजित की जाएगी
उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों में पंचायतीराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और आम लोगों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि जनसमस्याओं का निवारण मौके पर ही किया जा सके। आयोजन स्थल से संबंधित पंचायतों में इसी दिन विशेष ग्राम सभा भी आयोजित की जाएगी, जिनमें सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में चर्चा की जाएगी।
जिला स्तर के सभी कार्यालय प्रमुखों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश
उपायुक्त ने जिला स्तर के सभी कार्यालय प्रमुखों को इन कार्यक्रमों में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने तथा विभागीय योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रदर्शनी स्टॉलों में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित संपूर्ण जानकारी उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। यह हिमाचल सरकार की एक अच्छी पहल है। देश में नागरिको को न्याय देने के लिए सभी व्यवस्था मौजूद है, लेकिन भ्रष्टाचार के कारण जरुरतमंदो की सुनवाई हो ही नहीं पाती है। जब पूरी व्यवस्था है तो क्यों मुख्यमंत्री को खुद गांव- गांव जाकर लोगो को न्याय दिलाने की कोशिश की जा रही है।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





