नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । देशभर में मानूसन की रफ्तार तेज हो गई। इस समय लगभग सभी राज्यों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। इसी क्रम में राजधानी दिल्ली में भी रूक-रूक कर बारिश का दौर जारी है। रविवार शाम दिल्ली के कई इलाकों में हुई बारिश ने लोगों को उमस से राहत दी, लेकिन कुछ जगहों पर जलभराव की समस्या भी सामने आई। मौसम विभाग ने बताया कि बारिश के दौरान तेज हवाओं की गति प्रगति मैदान में 57 किमी प्रति घंटा और पालम में 55 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई। मौसम विभाग ने आज भी गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।
आज भी बरसेंगे बादल, आंधी-तूफान की संभावना
मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार, दक्षिण-पूर्व से आ रहे बादलों के कारण दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सोमवार को पूरे शहर में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है।
कल हुई बारिश के आंकड़े
प्रगति मैदान: 21 मिमी
सफदरजंग वेधशाला: 13 मिमी
पूसा: 11 मिमी
महरौली: 10 मिमी
गुरुग्राम: 19 मिमी
नारायणा: 7 मिमी
जनकपुरी: 8 मिमी
तापमान में गिरावट आयी
दिल्ली में हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट आयी है। रविवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। इसके अलावा, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, रविवार शाम 4 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 86 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। बता दें कि CPCB के अनुसार, AQI शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।





