नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। ऑफिस का काम और घर की जिम्मेदारियों में अक्सर हम अपने चेहरे की देखभाल करना भूल जाते हैं। दिनभर स्क्रीन के सामने बैठे रहने से चेहरे की चमक फीकी पड़ जाती है, थकान साफ झलकने लगती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ आसान योगासनों से आप ऑफिस की कुर्सी पर बैठे-बैठे ही अपने चेहरे का निखार वापस ला सकते हैं? योगा एक्सपर्ट विभूती अरोरा की मदद से जानिए 3 ऐसे सरल योगासन जो सिर्फ 5 मिनट में चेहरे की थकान दूर कर देंगे और चेहरे पर फिर से लाएंगे चमक।
ऑफिस में योगा करने के क्या हैं फायदे?
ऑफिस का माहौल तनाव से भरा होता है। लंबे समय तक कंप्यूटर स्क्रीन देखने से सिरदर्द, आंखों में थकान और चेहरे की रंगत में कमी आ जाती है। ऐसे में अगर आप चाय ब्रेक के दौरान 5 मिनट निकालकर योग करें तो न सिर्फ आपका मन शांत होगा, बल्कि चेहरे की मांसपेशियां भी रिलैक्स होंगी। इससे झुर्रियां कम होंगी और चेहरे की चमक बढ़ेगी।
1. स्माइल लाइंस की मसाज से चेहरे को दें नई जान
चेहरे की मुस्कान के किनारे यानी स्माइल लाइंस पर दबाव और मसाज देने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है।
कैसे करें-दोनों हाथों की उंगलियों को स्माइल लाइंस पर रखें।
धीरे-धीरे दबाव देते हुए ऊपर की ओर मसाज करें।
गालों को ऊपर उठाएं और भौंहों के पास भी हल्का दबाव डालें।
इसे रोजाना 5 मिनट करें।
फायदा: चेहरे की थकान दूर होगी, रंगत निखरेगी और ब्लड फ्लो बढ़ेगा।
2. झुर्रियों को करें अलविदा, मसल लिफ्टिंग योगा के साथ
ऑफिस की डेस्क पर बैठे-बैठे भी आप अपनी चेहरे की मांसपेशियों को टोन कर सकते हैं।
कैसे करें?
भौंहों को ऊपर उठाएं, फिर आराम दें। इसे 5 बार दोहराएं।
हथेली को माथे पर रखें, भौंहों के ऊपर थोड़ी जगह छोड़कर।
आंखें पूरी खोलें, फिर भौंहों को ऊपर उठाएं और रिलैक्स करें। इसे 20 बार करें।
हथेली हटाएं और भौंहों को फिर से ऊपर उठाएं।
फायदा: झुर्रियां कम होंगी, चेहरे की त्वचा टाइट और ग्लोइंग बनेगी।
3. एक्ने प्रोन स्किन के लिए बलून साइज पोज योगा
मुंहासे और कील-मुंहासों से परेशान हैं? ये योगा आपके लिए वरदान साबित होगा।
कैसे करें-सीधे बैठ जाएं।
अपने मुँह में हवा भरें और जबड़े की एक तरफ (जैसे बाईं तरफ) हवा को जमा करें।
बिना मुँह खोले हवा को दूसरी तरफ ट्रांसफर करें।
चाहें तो शुरुआत में मुँह में पानी भरकर भी कर सकते हैं।
रोजाना 5 मिनट करें।
फायदा: मुंहासों में कमी आएगी और चेहरे का ग्लो बढ़ेगा।
योगा से करें अपना टी ब्रेक स्पेशल
आमतौर पर ऑफिस में चाय या कॉफी ब्रेक लेते हैं, तो क्यों न इस 5 मिनट के दौरान ये आसान योगासन करें? इससे न केवल आप तरोताजा महसूस करेंगे, बल्कि आपके चेहरे पर भी खूबसूरती लौटेगी। तो अगली बार जब भी टी ब्रेक लें, इन तीन योगों को जरूर आजमाएं।
चेहरे की खूबसूरती और सेहत का ख्याल रखना अब आसान है। बस अपनी दिनचर्या में थोड़ा सा समय निकालकर ये योगासन करें और महसूस करें फर्क। ऑफिस में फिटनेस और खूबसूरती दोनों साथ-साथ संभव हैं।





