नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। चेहरें की खूबसूरती में आंखों और उनकी आइब्रो का अहम योगदान होता है। घनी और शेप में बनी आइब्रो न सिर्फ लुक को निखारती हैं बल्कि व्यक्तित्व में भी आत्मविश्वास जोड़ती हैं। हालांकि, कई महिलाओं की आइब्रो जन्म से ही पतली होती है या उम्र और हार्मोनल बदलावों के कारण झड़ने लगती हैं।
ऐसे में रोज़-रोज़ मेकअप करना हर किसी के बस की बात नहीं होती। लेकिन अब घबराने की जरूरत नहीं। यहां हम आपको बता रहे हैं कुछ ऐसे आसान घरेलू उपाय, जिनसे आप बिना मेकअप के भी प्राकृतिक रूप से घनी आइब्रो पा सकती हैं।नियमित मालिश और सही देखभाल से आइब्रो की ग्रोथ बेहतर होती है और वह मजबूत व घनी दिखती हैं।
1. अरंडी का तेल (Castor Oil):
अरंडी का तेल बालों की ग्रोथ के लिए वर्षों से उपयोग में लाया जा रहा है। इसमें मौजूद विटामिन E, ओमेगा-6 फैटी एसिड और प्रोटीन आइब्रो के बालों को मजबूती देते हैं और नई ग्रोथ में मदद करते हैं।
कैसे करें इस्तेमाल: रात को सोने से पहले कॉटन बॉल में थोड़ा सा कैस्टर ऑयल लें और हल्के हाथ से आइब्रो पर मालिश करें। स्किन सेंसिटिव हो तो इसमें बराबर मात्रा में नारियल का तेल मिलाएं। नियमित इस्तेमाल से कुछ ही हफ्तों में असर दिखने लगेगा।
2. ऑलिव ऑयल (Olive Oil):
ऑलिव ऑयल सिर्फ खाने के लिए ही नहीं, स्किन और हेयर केयर में भी बेहद फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद विटामिन A और E बालों की जड़ों को पोषण देकर उन्हें घना बनाते हैं।
कैसे करें इस्तेमाल:रोज़ाना दिन में किसी भी समय कॉटन बॉल से ऑलिव ऑयल लें और 5 मिनट तक आइब्रो पर हल्की मसाज करें। फिर गुनगुने पानी से चेहरा धो लें।
3. प्याज का रस:
प्याज में पाया जाने वाला सल्फर बालों की ग्रोथ को तेजी से बढ़ाता है। यही कारण है कि यह बालों और आइब्रो दोनों के लिए कारगर माना जाता है।
कैसे करें इस्तेमाल: एक प्याज को कद्दूकस करके उसका रस निकालें। इसे आइब्रो पर लगाएं और एक घंटे बाद गुनगुने पानी से धो लें।
सावधानी: पहली बार इस्तेमाल करने से पहले स्किन पर पैच टेस्ट अवश्य करें।
खास सलाह:घरेलू नुस्खे अपनाते वक्त नियमितता जरूरी है।
एक बार में ज्यादा परिणाम की अपेक्षा न करें। धैर्य से काम लें।
स्किन में जलन या एलर्जी की स्थिति में तुरंत प्रयोग बंद करें और डॉक्टर से सलाह लें।
घनी आइब्रो पाने के लिए अब पार्लर या महंगे प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं। आपके किचन में ही छुपा है खूबसूरती का राज। अगर आप भी अपनी पतली आइब्रो से परेशान हैं, तो आज से ही इन आसान उपायों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और फर्क खुद देखें।





