नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। 2026 के विधानसभा चुनावों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। Election Commission of India ने पांच राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसी के साथ चुनाव आयोग ने इन राज्यों में मतदाताओं से जुड़े विस्तृत आंकड़े भी जारी किए हैं। इन आंकड़ों में Gen Z यानी युवा वोटरों की संख्या भी शामिल है, जो इस बार चुनाव में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इस बार विधानसभा चुनाव West Bengal, Assam, Tamil Nadu, Kerala और Puducherry में होने हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोटिंग कराई जाएगी, जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा। इन सभी राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
Gen Z वोटर किसे कहा जाता है
चुनाव आयोग के अनुसार Gen Z वोटरों में दो तरह के मतदाता शामिल किए गए हैं. इसमें 18 से 19 साल के वे मतदाता आते हैं जो पहली बार वोट देने जा रहे हैं. इसके अलावा 20 से 29 साल की उम्र के युवा मतदाता भी Gen Z की श्रेणी में शामिल किए गए हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार पांचों राज्यों में Gen Z वोटरों की सबसे ज्यादा संख्या पश्चिम बंगाल में है. यहां लगभग 5.23 लाख मतदाता ऐसे हैं जो पहली बार वोट देने जा रहे हैं. वहीं 20 से 29 साल की उम्र के करीब 1.31 करोड़ मतदाता हैं. इस तरह राज्य में कुल Gen Z वोटरों की संख्या 1.36 करोड़ से ज्यादा हो जाती है।
तमिलनाडु दूसरे स्थान पर
Gen Z वोटरों की संख्या के मामले में तमिलनाडु दूसरे नंबर पर है. यहां करीब 12.5 लाख मतदाता पहली बार वोट देने वाले हैं. वहीं 20 से 29 साल के लगभग 1.05 करोड़ मतदाता हैं. इस तरह राज्य में कुल मिलाकर करीब 1.17 करोड़ Gen Z वोटर हैं। असम में भी युवा मतदाताओं की संख्या अच्छी-खासी है. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक यहां 18 से 19 साल की उम्र के लगभग 5.75 लाख मतदाता पहली बार वोट देने वाले हैं. इसके अलावा 20 से 29 साल के करीब 66.30 लाख मतदाता हैं. दोनों को मिलाकर राज्य में लगभग 72 लाख Gen Z वोटर हैं।
केरल में करीब 49 लाख युवा वोटर
केरल में भी युवाओं की बड़ी संख्या चुनाव में हिस्सा लेती है। यहां 18 से 19 साल की उम्र के लगभग 4.24 लाख मतदाता पहली बार वोट देने वाले हैं। वहीं 20 से 29 साल की उम्र के करीब 45 लाख मतदाता हैं। इस तरह राज्य में कुल Gen Z वोटरों की संख्या लगभग 49 लाख है। इन पांचों राज्यों में पुडुचेरी में Gen Z वोटरों की संख्या सबसे कम है. यहां करीब 23 हजार मतदाता पहली बार वोट देने वाले हैं। वहीं 20 से 29 साल के करीब 1.87 लाख मतदाता हैं। इस तरह यहां कुल Gen Z वोटरों की संख्या 2 लाख से थोड़ी ज्यादा है। इन आंकड़ों से साफ है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में युवा मतदाता बड़ी भूमिका निभाने वाले हैं। कई राजनीतिक दल भी अपनी रणनीति में युवाओं को ध्यान में रखकर प्रचार और घोषणाएं कर रहे हैं।




