नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए कोलकाता पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को विरोध का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह जब वे कोलकाता के कालीघाट काली मंदिर में दर्शन करने पहुंचे, तब मंदिर के बाहर मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें काले झंडे दिखाए और “गो बैक” के नारे लगाए।
तीन दिवसीय दौरे पर बंगाल पहुंचे CEC
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए तीन दिन के दौरे पर राज्य में पहुंचे हैं। इस दौरान वे चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद ज्ञानेश कुमार ने कहा कि उन्होंने दक्षिणेश्वर काली मंदिर और कालीघाट काली मंदिर में पूजा की है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग राज्य में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और दबाव मुक्त चुनाव कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
प्रदर्शनकारियों को संभालने में जुटे सुरक्षाकर्मी
जब मुख्य चुनाव आयुक्त मंदिर परिसर पहुंचे तो बाहर कुछ लोग काले झंडे लेकर विरोध कर रहे थे। सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को दूर रखने के लिए बैरिकेड्स लगाए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच ही सीईसी ने मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग का लक्ष्य पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि आयोग इसके लिए सभी जरूरी कदम उठा रहा है।
अधिकारियों के साथ किया दौरा
इस दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और राज्य की जनता के कल्याण के लिए प्रार्थना की। पत्रकारों से बातचीत में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, “पश्चिम बंगाल के सभी भाइयों और बहनों को मेरा नमस्कार। देवी काली सभी को आशीर्वाद दें। जय भारत, जय हिंद।





