नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । ठंड के मौसम में पहाड़ों की खूबसूरती और भी निखर जाती है। ठंडी हवा, बर्फ़ की सफेदी और साफ़-नीला आसमान मिलकर ट्रेकिंग के अनुभव को एक सपने जैसा बना देते हैं। इस मौसम में चलना, नजारे देखना और प्रकृति से जुड़ना एक खास आनंद देता है। आप कौन से पहाड़ों में ट्रेकिंग करना पसंद करते हैं?
अगर इस सर्दी में आप नया अनुभव लेना चाहते हैं या खूबसूरत जगहों की सैर करना चाहते हैं, तो भारत के ये 5 शानदार विंटर ट्रेक्स (Winter Treks) जरूर जाएं:
1. संडकफू-फालुत ट्रेक- पश्चिम बंगाल
संडकफू-फालुत ट्रेक पश्चिम बंगाल की सबसे ऊंची जगहों में से एक है, जहां से आप दुनिया की चार सबसे ऊंची चोटियां एवरेस्ट, कंचनजंगा समेत एक साथ देख सकते हैं। यह ट्रेक भारत-नेपाल सीमा पर स्थित है, जिससे दोनों देशों के खूबसूरत नजारे नजर आते हैं। रास्ते में घने बांस के जंगल और स्लीपिंग बुद्धा पर्वत श्रृंखला का दृश्य इस ट्रेक को बेहद यादगार बना देता है।
2. चादर ट्रेक- लद्दाख
एडवेंचर प्रेमियों के लिए चादर ट्रेक बेस्ट विकल्प है। जनवरी-फरवरी में जब जांस्कर नदी पूरी तरह जम जाती है, तब बर्फ पर चलने का अनुभव बेहद खास होता है। यह ट्रेक करीब 12,000 फीट की ऊंचाई पर है, इसलिए अच्छी फिटनेस और मजबूत शरीर जरूरी है। कठिन रास्तों के बाद यहां का दृश्य ऐसा लगता है जैसे कोई जादुई कहानी सामने आ गई हो।
3. केदारकंठा ट्रेक- उत्तराखंड
केदारकंठा ट्रेक को ‘क्वीन ऑफ विंटर ट्रेक्स’ कहा जाता है। यह चुनौतीपूर्ण ट्रेक छोटे गांव सांकरी से शुरू होकर बर्फीले जंगलों और खूबसूरत कैंपिंग स्थलों से होकर गुजरता है। पांच दिनों का यह ट्रेक शुरुआती ट्रेकर्स के लिए भी उपयुक्त है। यहां से हिमालय की बर्फीली चोटियां बेहद मनमोहक नजर आती हैं, जो इस सफर को यादगार बना देती हैं।
4. पराशर लेक ट्रेक- हिमाचल प्रदेश
मंडी के पास यह छोटा और खूबसूरत ट्रेक घने देवदार के जंगलों और बर्फीले मैदानों से गुजरते हुए शांतिपूर्ण पराशर झील तक पहुंचता है। झील के पास स्थित लकड़ी का मंदिर ऋषि पराशर को समर्पित है, जो इस जगह की विशेषता है। यह ट्रेक आसान है और पहली बार ट्रेकिंग करने वालों के लिए बिल्कुल उपयुक्त विकल्प है।
5. दयारा बुग्याल ट्रेक- उत्तराखंड
अगर आप ऐसी जगह की तलाश में हैं जहाँ बर्फीले मैदान और पहाड़ साथ-साथ नजर आएं, तो उत्तरकाशी जिले का दयारा बुग्याल ट्रेक आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। यह ट्रेक आसान से मध्यम स्तर का है और रास्ते में पाइन, ओक और मेपल के खूबसूरत जंगल मिलते हैं। यहां से हिमालय की दर्शनीय चोटियां, जैसे बंदरपूंछ और ब्लैक पीक, साफ दिखती हैं। नवंबर से मार्च तक का समय इस ट्रेक के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है।





