नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारत में कुछ ऐसे स्थल हैं जिन्हें देखकर लगता है कि आप किसी दूसरी दुनिया में पहुँच गए हैं। कहीं पानी इतना साफ कि नाव हवा में तैरती दिखती है, कहीं जमीन चांद जैसी, तो कहीं जंगल खुद पानी पर तैरते नजर आते हैं। अगर आप भी साधारण हिल स्टेशन या बीच से हटकर कुछ अलग अनुभव करना चाहते हैं, तो ये पांच अद्भुत स्थल आपकी यात्रा की लिस्ट में जरूर होने चाहिए।
1. अग्रांग केल, कश्मीर
कश्मीर का यह छोटा सा गांव किसी पेंटिंग जैसा लगता है। क्रिस्टल क्लियर नीला पानी, चारों ओर शांत बर्फ़ीली पहाड़ियां और हवा में तैरती नावें इसे भारत का ब्लू लैगून बनाती हैं। यह जगह इतनी शांत है कि यहां कुछ देर के लिए असली दुनिया की भाग-दौड़ भूल जाती है। अग्रांग केल पहुंचने के लिए या तो आर्मी निगरानी वाली केबल कार का सहारा लेना होगा, या 3-4 घंटे की चुनौतीपूर्ण ट्रैकिंग करनी होगी।
2. खज्जियार, हिमाचल प्रदेश
‘मिनी स्विट्ज़रलैंड’ के नाम से मशहूर खज्जियार हरी-भरी घाटियों, देवदार के जंगलों और दूर बर्फ़ीली चोटियों का अद्भुत संगम है। यहां का खजजी नागा मंदिर भी दर्शकों को आकर्षित करता है। खज्जियार पठानकोट रेलवे स्टेशन से 95 किमी और गगल हवाई अड्डे से 130 किमी दूर है।
3. जैसलमेर के सैंड ड्यून्स, राजस्थान
सूरज ढलते ही राजस्थान के गोल्डन डेजर्ट में फैले सैंड ड्यून्स सुनहरी रेत का जादू बिखेरते हैं। चारों ओर फैली चुप्पी आपको पूरी तरह से अलग दुनिया में ले जाती है। सैम के टीलों की दूरी यहाँ से लगभग 45 किमी है और टैक्सी द्वारा आसानी से पहुंचा जा सकता है।
4. सेंट मैरी आइलैंड, कर्नाटक
कर्नाटक का यह छिपा हुआ समुद्री द्वीप समूह किसी फैंटेसी फिल्म का सेट लगता है। नीले पानी और हेक्सागोनल वोल्केनिक चट्टानों के बीच बिखरी सफेद रेत इसे और भी खास बनाती है। मालपे बीच से नाव द्वारा मात्र 30 मिनट में इस चार द्वीपों वाले समूह तक पहुंचा जा सकता है।
5. लामायुरू, लद्दाख
लद्दाख का यह इलाका चांद की सतह जैसा प्रतीत होता है। सूखी पहाड़ियां, अजीब आकृतियां और सन्नाटा इसे मूनलैंड की तरह बनाते हैं। यह लेह से 115 किमी दूर स्थित है। निकटतम हवाई अड्डा लेह इंटरनेशनल एयरपोर्ट है, और आगे का सफर टैक्सी या साइकिल से किया जा सकता है।
ये पांच स्थल न केवल सुंदर हैं, बल्कि भारत की विविधता और रहस्य को भी बखूबी दिखाते हैं। अगर आप इस बार कुछ अलग और यादगार अनुभव की तलाश में हैं, तो इन अद्भुत जगहों को अपनी यात्रा सूची में जरूर शामिल करें।




