नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सर्दियों का मौसम आते ही NCR के लोगों का मन पहाड़ों की ओर दौड़ पड़ता है। साफ हवा ठंडा मौसम और बर्फ की चमचमाती सफेद चादर गाजियाबाद- नोएडा वालों के लिए ये किसी स्वर्ग से कम नहीं। खास बात ये है कि ऐसे नजारे देखने के लिए उन्हें बहुत दूर भी नहीं जाना पड़ेगा। कुछ घंटों की ड्राइव में ही कई हिल स्टेशन दिसंबर में बर्फ देखने का शानदार मौका देते हैं।
आइए जानें वे हिल स्टेशंस जहां इस दिसंबर बर्फबारी की अच्छी संभावना बन रही है-
मसूरी: क्वीन ऑफ हिल्स में स्नोफॉल देखने का मौका
दिल्ली- NCR के लोगों की पहली पसंद मसूरी दिसंबर में कड़ाके की ठंड का अहसास कराती है। गाजियाबाद- नोएडा से लगभग 6- 7 घंटे की दूरी पर स्थित यह हिल स्टेशन दिसंबर के आखिर में अक्सर बर्फ की हल्की परत से ढक जाता है। हर साल बर्फबारी पक्की नहीं होती लेकिन उम्मीद अच्छी रहती है।
धनोल्टी: शांत खूबसूरत और स्नो की झलक वाली जगह
मसूरी से लगभग 30 किलोमीटर आगे स्थित धनोल्टी दिसंबर में बेहद सुकून देने वाला विकल्प है। देवदार के घने जंगलों से घिरा यह इलाका हल्की बर्फबारी के कारण फोटोग्राफी और नेचर लवर्स के बीच खास लोकप्रिय है।
कनाताल: ऑफबीट और बर्फ से भरपूर दिसंबर
कनाताल उन यात्रियों के लिए खास है जो भीड़ से दूर असली शांत पहाड़ देखना चाहते हैं। दिसंबर में यहां तापमान शून्य तक पहुंच जाता है और स्नोफॉल होने की संभावना रहती है। गाजियाबाद-नोएडा से 8–9 घंटे की दूरी पर यह जगह रोमांच पसंद लोगों की पसंदीदा बनती जा रही है।
औली: स्कीइंग और हैवी स्नोफॉल का सबसे भरोसेमंद ठिकाना
यदि आप बर्फ को असली रूप में देखना चाहते हैं तो औली से अच्छा विकल्प शायद ही मिले। लगभग 9–10 घंटे का सफर तय कर पहुंचने वाला औली दिसंबर में भारी बर्फबारी स्कीइंग और पोस्टकार्ड जैसे नजारों के लिए मशहूर है। परिवारों से लेकर कपल्स तक हर किसी के लिए यह परफेक्ट विंटर स्पॉट है।
चोपता-तुंगनाथ: मिनी स्विट्जरलैंड की बर्फीली खूबसूरती
उत्तराखंड का यह इलाका दिसंबर में ज्यादातर समय बर्फ से ढका रहता है। इसे भारत का मिनी स्विट्जरलैंड भी कहा जाता है। यहां से तुंगनाथ और चंद्रशिला ट्रेक सर्दियों में स्नो लवर्स की पहली पसंद माने जाते हैं।
कुफरी-शिमला: NCR वालों के लिए सबसे पॉपुलर स्नो स्पॉट
नोएडा–गाजियाबाद से 8–9 घंटे की दूरी पर स्थित शिमला और खासकर कुफरी दिसंबर के अंत में बर्फबारी के लिए हॉट स्पॉट हैं। वीकेंड ट्रिप के लिए यहां फुल स्नोफॉल देखने का मौका अक्सर मिल जाता है।
ध्यान रखें
इन सभी हिल स्टेशंस पर दिसंबर में बर्फ गिरने की संभावना रहती है लेकिन मौसम कभी भी बदल सकता है। इसलिए यात्रा से पहले मौसम विभाग की ताज़ा जानकारी जरूर जांच लें।





