नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अक्टूबर का महीना घूमने के लिए सबसे उपयुक्त समय माना जाता है। जहां मानसून का विदा होना और मौसम का सुहाना होना इस दौरान यात्रियों के लिए खास आकर्षण का कारण बनता है। यदि आप लंबे समय से परिवार के साथ कहीं बाहर घूमने का प्लान नहीं बना पाए हैं तो अक्टूबर में देश के कुछ चुनिंदा स्थलों की यात्रा आपके लिए यादगार साबित हो सकती है। खास बात ये है कि ये जगहें बजट फ्रेंडली भी हैं और ठंड के मौसम में इनका नजारा और भी मनमोहक हो जाता है।
शिमला: ठंड और हरी-भरी वादियों का संगम
हिमाचल प्रदेश का प्रसिद्ध हिल स्टेशन शिमला अक्टूबर से ही सर्दी का अहसास दिलाने लगता है। मॉल रोड पर टहलना, क्राइस्ट चर्च और स्कैंडल पॉइंट जैसी जगहों की सैर करना इस मौसम में बेहद आनंददायक होता है। साथ ही कुफरी में परिवार के साथ विंटर स्पोर्ट्स का लुत्फ उठाना भी मजेदार रहता है।
मनाली: ठंड के संग गर्माहट भी
मनाली हर मौसम में पर्यटकों को आकर्षित करता है, लेकिन सर्दियों में इसकी ठंड और मॉल रोड की गर्म चाय का मजा कुछ अलग ही होता है। हिडिम्बा मंदिर, वशिष्ठ कुण्ड, मणिकरण और रोहतांग पास के अलावा आप यहां शॉपिंग भी कर सकते हैं। ऊनी कपड़ों और हस्तशिल्प की खरीददारी के साथ-साथ पैराग्लाइडिंग जैसी एडवेंचर एक्टिविटीज़ भी यहां उपलब्ध हैं।
दार्जिलिंग: चाय बागानों के बीच खूबसूरत धूप का आनंद
पश्चिम बंगाल का दार्जिलिंग साल भर घूमने लायक जगह है, लेकिन सर्दियों में खिलती धूप और हरे-भरे चाय बागानों का नजारा अत्यंत मोहक होता है। टॉय ट्रेन की सवारी, टाइगर हिल, जापानी मंदिर और रॉक गार्डन यहां के मुख्य आकर्षण हैं। खासकर बच्चों के साथ आएं तो जलपाईगुड़ी से दार्जिलिंग तक टॉय ट्रेन का सफर अवश्य करें।
काजा, स्पीति घाटी: बर्फीली चोटियों की अद्भुत सुंदरता
हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी में स्थित काजा अक्टूबर में सैलानियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बन जाता है। जैसे-जैसे तापमान गिरता है, पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर में लिपट जाता है। यहां के प्राचीन मठ जैसे मोनेस्ट्री और किब्बर भी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं।
अक्टूबर के महीने में घूमने का यही सही समय
अक्टूबर का महीना न सिर्फ मौसम के लिहाज से बल्कि फेस्टिव सीजन के चलते भी यात्रा के लिए उपयुक्त होता है। बच्चे विंटर वेकेशन पर होते हैं और परिवार के साथ यात्रा का आनंद दोगुना हो जाता है। आप भी इस अक्टूबर अपने बजट के अनुसार इन जगहों पर ट्रिप प्लान करें और ठंडी हवा के बीच अपनी यादों को संजोएं।





