नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। इस बार स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त शुक्रवार को पड़ रहा है, जिसके बाद शनिवार-रविवार का वीकेंड भी है। यानी आपके पास एक लंबा वीकेंड है, जिसे आप सिर्फ आराम में नहीं, बल्कि घूमने-फिरने में भी बिता सकते हैं। अगर आप दिल्ली के आस-पास कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं तो हम लेकर आए हैं आपके लिए 5 शानदार और लोकप्रिय डेस्टिनेशन, जहां आप अपने परिवार या दोस्तों के साथ खास समय बिता सकते हैं।
1. मथुरा-वृंदावन: भक्तों की श्रद्धा का केंद्र
दिल्ली से लगभग 200 किलोमीटर दूर मथुरा-वृंदावन की धरती भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली है। इस जगह की खासियत है जन्माष्टमी का त्योहार, जो 16 अगस्त को पड़ रहा है। इस पावन अवसर पर भव्य आयोजन और मंदिरों की सजावट देखने लायक होती है। लेकिन ध्यान रखें, इस समय भीड़ बहुत ज्यादा होती है, इसलिए बुजुर्गों और छोटे बच्चों के साथ जाने में सावधानी बरतें।
2. आगरा: ताजमहल के शहर में खूबसूरत सफर
अगर आप इतिहास और वास्तुकला के शौकीन हैं तो दिल्ली से करीब 230 किलोमीटर दूर आगरा का सफर आपके लिए परफेक्ट रहेगा। यहां आप ताजमहल के साथ-साथ फतेहपुर सीकरी और सिकंदरा के किले भी देख सकते हैं। मौसम भी इस समय बेहद सुहावना होता है, जिससे आपकी ट्रिप और भी यादगार बन जाएगी।
3. ऋषिकेश: एडवेंचर और आध्यात्म का संगम
दिल्ली से करीब 233 किलोमीटर दूर स्थित ऋषिकेश न सिर्फ आध्यात्मिक स्थल है, बल्कि एडवेंचर प्रेमियों के लिए भी खास है। रिवर राफ्टिंग, बंजी जंपिंग और ट्रेकिंग के अलावा यहां की गंगा आरती का अनुभव बेहद मनोहारी होता है। सड़क मार्ग से आसानी से पहुंचा जा सकता है, जो इसे वीकेंड ट्रिप के लिए बेहद आसान बनाता है।
4. जयपुर: गुलाबी शहर की सांस्कृतिक धरोहर
राजस्थान की राजधानी जयपुर दिल्ली से लगभग 270 किलोमीटर दूर है। यहां का जल महल, आमेर किला, सिटी पैलेस और जंतर-मंतर जैसे ऐतिहासिक स्थल पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं। अगर आप सांस्कृतिक सफर पर जाना चाहते हैं तो जयपुर आपका बेहतरीन विकल्प है।
5. मसूरी: ठंडी हवाओं और खूबसूरत नजारों का शहर
अगर आप इस बार ठंडे और हरे-भरे वातावरण में आराम करना चाहते हैं तो मसूरी सबसे बढ़िया विकल्प है। मसूरी की खूबसूरती झरनों, पहाड़ी ट्रेकिंग, और स्काई ब्रिज के कारण मशहूर है। यहां की ठंडी हवा और प्राकृतिक नजारे आपके तनाव को दूर कर देंगे।
तो इस स्वतंत्रता दिवस लॉन्ग वीकेंड पर दिल्ली के नजदीक इन खास जगहों पर घूमने का प्लान बनाएं और बनाएं अपनी छुट्टियों को यादगार।





