नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । अगर आप अगस्त के महीने में परिवार या दोस्तों के साथ छुट्टियों का आनंद लेने की सोच रहे हैं, तो यह समय भारत की कुछ खास और बेहद खूबसूरत जगहों को घूमने के लिए एकदम सही है। मॉनसून के मौसम में हरियाली, झरने और ठंडी फिजाओं के बीच घूमने का मजा ही अलग होता है। तो चलिए जानते हैं अगस्त में घूमने के लिए भारत की कुछ बेहतरीन डेस्टिनेशन के बारे में…
कुल्लू-मनाली
अगर आप अगस्त में पहाड़ों की सैर का मन बना रहे हैं, तो हिमाचल प्रदेश का कुल्लू-मनाली आपके लिए बेहतरीन डेस्टिनेशन है। हरियाली से ढके पहाड़, झरनों की कलकल करती धारा और हल्की-हल्की बारिश, इस जगह को और भी खूबसूरत बना देती है। यहां आप रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, ट्रेकिंग जैसे रोमांचक एडवेंचर स्पोर्ट्स का मजा ले सकते हैं। साथ ही, हडिम्बा मंदिर, सोलंग वैली, रोहतांग पास और मनु मंदिर जैसी जगहों की सैर करना आपके ट्रिप को यादगार बना देगा।
चेरापूंजी
मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में बसा चेरापूंजी भारत का सबसे अधिक वर्षा वाला इलाकों में से एक है। अगस्त के महीने में यह जगह हरियाली, बादलों से ढकी घाटियों और झरनों के कारण और भी मोहक हो जाती है। यहां का सबसे बड़ा आकर्षण डबल डेकर लिविंग रूट ब्रिज, जो पेड़ों की जड़ों से बना एक अनोखा पुल, जिसे देखने हजारों सैलानी आते हैं। वहीं, नोहकलिकाई जलप्रपात, जो भारत का सबसे ऊँचा प्लंजिंग वॉटरफॉल, जो मॉनसून में अपने चरम सौंदर्य पर होता है। इसके अलावा मवसमाई गुफा, जो रोमांच से भरपूर, जहां आप प्राकृतिक रूप से बनी संरचनाएं देख सकते हैं।
माउंट आबू
राजस्थान के रेगिस्तानी प्रदेश में बसा माउंट आबू राज्य का एकमात्र हिल स्टेशन है, जो अरावली पर्वतमाला की गोद में स्थित है। यह स्थल एक ऊँचे चट्टानी पठार पर बसा है, जहां से घाटियों और झीलों का नजारा मंत्रमुग्ध कर देता है। अगस्त के महीने में माउंट आबू की हरियाली और शांत वातावरण इसे और भी आकर्षक बना देता है। मॉनसून में हल्की बारिश के साथ ठंडी हवा और नीले आसमान के बीच घूमना किसी सुकून से कम नहीं होता।
भगवान कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा – आस्था, संस्कृति और भक्ति का संगम
मथुरा
मथुरा, उत्तर प्रदेश का एक ऐतिहासिक शहर है, जिसे भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि होने का गौरव प्राप्त है। यह शहर भारत के सात प्रमुख तीर्थस्थलों (सप्तपुरी) में एक माना जाता है। यहां हर गली, हर घाट और हर मंदिर किसी-न-किसी रूप में श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़ा है। मथुरा में दर्शन के लिए कई प्रसिद्ध मंदिर हैं, जिनमें श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर, जहां भगवान का जन्म हुआ था, द्वारकाधीश मंदिर, जो भव्य वास्तुकला और उत्सवों के लिए प्रसिद्ध है, गोकर्णनाथ मंदिर, जानकी नाथ मंदिर आदि शामिल हैं।
जयपुर
जयपुर, जिसे गुलाबी शहर के नाम से जाना जाता है। यह राजस्थान की राजधानी और भारत का पहला ऐसा नियोजित शहर है, जिसे विशाल शिल्प शास्त्र के अनुसार 1727 में महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय ने बसाया था। इसकी अनोखी वास्तुकला, रंग-बिरंगी गलियाँ और शाही महलों की भव्यता इसे देश-विदेश के सैलानियों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाती है। यहां आप जल महल, हवा महल, जंतर मंतर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, मंदिर पैलेस, सिटी पैलेस, जयगढ़ किला, आमेर किला, रामबाग पैलेस घूमकर आनंद उठा सकते हैं।
लोनावला
लोनावला, महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्थित एक सुंदर हिल स्टेशन है, जो खास तौर पर मानसून में हरियाली, झरनों और बादलों से ढकी वादियों के लिए जाना जाता है। अगस्त के महीने में यहां की हवा में नमी और ठंडक होती है, जो इसे छुट्टियों के लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन बनाती है। लोनावला में आप भुशी डैम, टाइगर पॉइंट, राजमाची किला, कार्ला और भाजा गुफाएं, लोहगढ़ किला आदि देख सकते हैं।





